अगर आप भी इस साल चार धाम यात्रा की तैयारी कर रहे हैं तो आपको बता दे कि आज यानी 6 मार्च सुबह 7:00 से केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं और अगर अभी तक आपने अपना पंजीकरण नहीं किया है तो जल्द करें।
उत्तराखंड की पवित्र चार धाम यात्रा 2026 को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में तीर्थ यात्रा के लिए चार धाम यात्रा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन आज यानी 6 मार्च सुबह 7:00 से शुरू हो गया है।
श्रद्धालु अब घर बैठे ही मोबाइल एप या ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आसानी से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। हर साल लाखों लोग केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री यात्रा के लिए उत्तराखंड पहुंचते हैं, इसलिए इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।
उत्तराखंड की चार धाम यात्रा हिंदू धर्म की सबसे पवित्र यात्रा मानी जाती है। इसमें चार प्रमुख तीर्थ स्थल शामिल होते हैं जिसमें केदारनाथ ,बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री हैं। यह भी माना जाता है कि इन चार धाम के दर्शन करने से व्यक्ति को आध्यात्मिक शांति और मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसी कारण हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होते हैं।
सरकारी जानकारी के अनुसार इस साल चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होगी। इसी दिन अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलेंगे, जबकि 23 अप्रैल को बद्रीनाथ मंदिर के कपाट खुलेंगे।
कपाट खुलते ही हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचना शुरू कर देते हैं। सरकार ने तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू किया है श्रद्धालु आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जाकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
रजिस्ट्रेशन के दौरान यात्रियों को अपनी पहचान से जुड़ी जानकारी और यात्रा से संबंधित विवरण भी देना होगा। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से यात्रा के दौरान भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर की जा सकती है।
अगर कोई श्रद्धालु ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं कर पाता है, तो उसके लिए भी सरकार ने व्यवस्था की है। यात्रा शुरू होने से दो दिन पहले यानी 17 अप्रैल से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन भी शुरू होगा। इसके लिए ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून में विशेष काउंटर लगाए जाएंगे, जहां जाकर श्रद्धालु अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
पिछले कुछ वर्षों से चार धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। बेहतर सड़क हेलीकॉप्टर सेवा और ऑनलाइन सुविधा की वजह से इस बार भी लाखों लोगों के आने की संभावना है। सरकार भी यात्रियों की सुरक्षा के लिए खास तैयारी कर रही है।
अगर आप भी इस साल केदारनाथ बद्रीनाथ यात्रा या गंगोत्री यमुनोत्री दर्शन करने की योजना बना रहे हैं, तो जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन करना जरूरी है। समय पर रजिस्ट्रेशन कराने से यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी से बचा जा सकता है।
