हल्द्वानी डबल मर्डर का खुलासा: छेड़खानी के विरोध में गई युवक और युवती की जान

हल्द्वानी: बड़ी मंडी क्षेत्र में मिले युवक-युवती के शवों के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज छह घंटे में खुलासा कर दिया। कोतवाली हल्द्वानी पुलिस…

Haldwani double murder revealed: Boy and girl lost their lives in protest against molestation

हल्द्वानी: बड़ी मंडी क्षेत्र में मिले युवक-युवती के शवों के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज छह घंटे में खुलासा कर दिया। कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने जघन्य हत्याकांड में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आज यानि 12 फरवरी 2026 की सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि बड़ी मंडी क्षेत्र में एक युवक और एक युवती मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली हल्द्वानी पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए साक्ष्य एकत्र किए। प्रथम दृष्टया मामला पत्थर से कुचलकर हत्या का सामने आया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का बारीकी से निरीक्षण करते हुए विशेष टीम गठित कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
मौके से मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतकों की पहचान शुभम टम्टा पुत्र किशोरी लाल टम्टा निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा तथा लक्ष्मी पोखरिया पुत्री हेम चन्द्र पोखरिया निवासी ग्राम मल्ली पोखरी, ओखलकांडा (नैनीताल) के रूप में हुई। मृतका के परिजन सुरेश चन्द्र पोखरिया की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 52/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र व पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, मैनुअल इंटेलिजेंस और सुरागरसी के आधार पर इस हत्याकांड में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि घटना के समय सभी एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान वे लक्ष्मी के साथ छेड़खानी करने लगे, जिसका शुभम और लक्ष्मी ने विरोध किया। इसी बात पर कहासुनी और मारपीट हो गई, जिसमें आरोपियों ने शुभम की हत्या कर दी। घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने लक्ष्मी को भी मार डाला और पहचान छिपाने के उद्देश्य से दोनों के सिर पत्थर से कुचल दिए।
गिरफ्तार आरोपियो की पहचान गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर (25 वर्ष) निवासी वसुंधरा कॉलोनी, बरेली रोड, हल्द्वानीख,सौरभ भट्ट उर्फ भटिया (20 वर्ष) निवासी तीनपानी खन्ना फार्म, बरेली रोड, हल्द्वानी,दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव (20 वर्ष) निवासी वसुंधरा कॉलोनी, बरेली रोड, हल्द्वानी और दीपेश लटवाल उर्फ राज (25 वर्ष) निवासी उत्तरांचल विहार, बड़ी मुखानी, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन तथा गौरव नेगी और दीपू शर्मा के खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में पूर्व में 11 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरोपी दीपेश लटवाल के खिलाफ थाना मुखानी में तीन मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस टीम को मिला पुरस्कार
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने त्वरित कार्रवाई कर हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 2500 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के जघन्य अपराध करने वालों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में कोतवाली हल्द्वानी, मुक्तेश्वर, मंडी चौकी, हीरानगर, मालधनचौड़, लालकुआं, काठगोदाम व अन्य इकाइयों की संयुक्त टीम शामिल रही।

Leave a Reply