‘नशा नहीं, रोजगार दो’ आंदोलन की 42वीं वर्षगांठ: चौखुटिया में गूंजे जनगीत’

‘ चौखुटिया: ऐतिहासिक ‘नशा नहीं, रोजगार दो’ आंदोलन की 42वीं वर्षगांठ के अवसर पर चौखुटिया क्षेत्र के विभिन्न स्थानों—चांदीखेत, क्रान्तिवीर चौराहा तथा आंदोलन के उद्गम…

Screenshot 2026 02 02 21 06 01 67 7352322957d4404136654ef4adb64504

चौखुटिया: ऐतिहासिक ‘नशा नहीं, रोजगार दो’ आंदोलन की 42वीं वर्षगांठ के अवसर पर चौखुटिया क्षेत्र के विभिन्न स्थानों—चांदीखेत, क्रान्तिवीर चौराहा तथा आंदोलन के उद्गम स्थल बसभीड़ा—में विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा जनगीतों के साथ आम सभाओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के संयोजक एवं उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) के अध्यक्ष पी.सी. तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड राज्य की मूल अवधारणा आज तक साकार नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि राज्य में व्यापक सामाजिक और राजनीतिक बदलाव की आवश्यकता है, जिसके लिए राष्ट्रीय दलों के विकल्प के रूप में क्षेत्रीय, संघर्षशील राजनीतिक ताकतों को मुद्दों और कार्यक्रमों के आधार पर एकजुट होना होगा।
अदम गोंडवी, गिर्दा और हीरा सिंह राणा के जनगीतों से गूंजते इस कार्यक्रम में पी.सी. तिवारी ने आगे कहा कि उत्तराखंड राज्य अस्पताल, स्कूल, रोजगार और गैरसैंण को राजधानी बनाए जाने की उम्मीदों के साथ बना था, लेकिन पिछले 25 वर्षों में राज्य ने विकास के बजाय बर्बादी ही देखी है।

वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता गणेश पांडे ने 40 वर्ष पूर्व नशे के खिलाफ हुई जन-एकजुटता को याद करते हुए आज फिर उसी तरह के व्यापक जनआंदोलन की आवश्यकता पर बल दिया। पूर्व प्रधानाचार्य नीरज पंत ने “ततुक नी लगा उदेख…” जनगीत को मुख्य स्वर दिया। कर्मचारी नेता कायम सिंह ने परिवर्तन की लड़ाई में निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।
किरन आर्या ने महिलाओं से वर्तमान परिस्थितियों में फिर से अग्रिम पंक्ति में आने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसा होना जरूरी है ताकि समाज में अंकिता जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
जगदीश ममगई ने कहा कि भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच चुके प्रदेश में आज योग्य दिव्यांग युवाओं के लिए भी रोजगार उपलब्ध नहीं है।

सभा को अल्मोड़ा के पूर्व उपपा महासचिव नारायण राम, मासी से भगवत रावत, द्वाराहाट से महेश फुलारा, बसभीड़ा के पूर्व ग्राम प्रधान धीरेंद्र तिवारी, मदन राम, बसंत उपाध्याय, मनोहर दत्त तिवारी, शिक्षाविद आनंद किरौला, रणजीत सिंह रावत, गैरसैंण से भैरव दत्त असनौड़ा तथा जमन सिंह सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का समापन चौखुटिया के वरिष्ठ आंदोलनकारी मोहन सिंह किरौला ने किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मोहन सिंह किरौला ने की तथा संचालन प्रकाश जोशी द्वारा किया गया।

Leave a Reply