भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मैच में बड़ा रिकॉर्ड बना दिया। इस मैच में उन्होंने 25 गेंदों में 25 रन बनाए।
अपनी पारी के दौरान जैसे ही मंधाना ने 18 रन पूरे किए, उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 4000 रन का आंकड़ा पार कर लिया। वह टी20 इंटरनेशनल में 4000 रन बनाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बन गई हैं। दुनिया में यह कारनामा करने वाली वह दूसरी महिला क्रिकेटर हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड न्यूज़ीलैंड की सूजी बेट्स के नाम था।
स्मृति ने श्रीलंका के खिलाफ 25 गेंदों में 4 चौके लगाकर 25 रन की पारी खेली। वह भारत की तरफ से टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला बल्लेबाज भी हैं। अब तक उन्होंने 154 मैचों में 4006 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में वह सूजी बेट्स के बाद दुनिया की दूसरी सबसे सफल महिला बल्लेबाज बन गई हैं। बेट्स ने इस फॉर्मेट में 4716 रन बनाए हैं।
4716 रन – सूजी बेट्स
4006 रन – स्मृति मंधाना
3654 रन – हरमनप्रीत कौर
3473 रन – चमारी अट्टापट्टु
3431 रन – सोफी डिवाइन
टी20 इंटरनेशनल में मंधाना 4000 रन बनाने वाली पहली भारतीय महिला हैं। लेकिन अगर पुरुष और महिला दोनों को मिलाकर देखा जाए, तो वह यह मुकाम हासिल करने वाली तीसरी भारतीय खिलाड़ी बनी हैं। इससे पहले यह कारनामा रोहित शर्मा और विराट कोहली ने किया था। रोहित ने टी20I में 4231 रन बनाए हैं, जबकि कोहली ने 4188 रन। अब मंधाना भी इस लिस्ट में शामिल हो गई हैं।
स्मृति मंधाना ने टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 4000 रन पूरे किए। उन्होंने यह मुकाम 3227 गेंदों में हासिल किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड सूजी बेट्स के नाम था, जिन्होंने 3675 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
