सीएम धामी ने कोतवाली का किया औचक निरीक्षण, ड्यूटी से गायब मिले कोतवाल साहब, तत्काल की कार्रवाई

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के डालनवाला में कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डालनवाला कोतवाली के कोतवाल अपनी ड्यूटी पर उपस्थित…

Whats App Image 2026 03 19 at 11 25 19 AM

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के डालनवाला में कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डालनवाला कोतवाली के कोतवाल अपनी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं मिले। सीएम धामी ने तत्काल कोतवाल को लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि कानून-व्यवस्था और जनसेवा जैसे संवेदनशील दायित्वों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी यह भी एक अपराध है और ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

बता दें शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अचानक डालनवाला कोतवाली निरीक्षण के लिए पहुंच गए। जैसे ही सीएम कोतवाली पहुंचे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आई। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने पुलिस स्टेशन में आए कई शिकायतकर्ताओं से बातचीत भी की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश देते कहा कि शिकायतों को औपचारिकता नहीं बल्कि उत्तरदायित्व समझकर दर्ज किया जाए। उनका तत्काल, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान करें। वहीं सीएम महिला हेल्प डेस्क की भी जानकारी ली। सीएम धामी ने वहां मौजूद महिला फरियादियों से बातचीत कर उनकी शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई को अनिवार्य बताते हुए किसी भी प्रकार की ढिलाई पर सख़्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

सीएम ने एफआईआर रजिस्टर का विस्तृत निरीक्षण करते हुए दर्ज मामलों पर की गई कार्रवाई, फॉलोअप की स्थिति व लंबित प्रकरणों की भी जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने थाने में स्थित कारागार में गंदगी और अव्यवस्था पर गहरी नाराज़गी जताते हुए तत्काल समुचित साफ-सफाई एवं मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने की स्थिति ही शासन-प्रशासन की कार्य संस्कृति को दर्शाती है। इतना ही नहीं सीएम ने वाहन जांच अभियान, वेरिफिकेशन ड्राइव और अपराध नियंत्रण को लेकर चल रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि इन अभियानों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

साथ ही सीएम धामी ने क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था पर गंभीर असंतोष व्यक्त करते हुए विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने के आदेश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून तत्काल पुलिस स्टेशन पहुंचे और मौके पर स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की।