अफ्रीकी देश तंजानिया में हुए राष्ट्रपति चुनाव ने भारी जीत के साथ सत्ता तो दिला दी लेकिन हालात इतने बिगड़ गए कि पूरा देश हिंसा की आग में झुलस उठा। सामिया सुलुहू हसन ने चुनाव में जबरदस्त जीत दर्ज की, मगर यह जीत खूनी माहौल में तब्दील हो गई। देश के कई इलाकों में दंगे और गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
विदेशी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक तंजानिया की मुख्य विपक्षी पार्टी ने दावा किया है कि विवादित चुनावों के बाद भड़की हिंसा में सैकड़ों लोगों की मौत हो गई है। संयुक्त राष्ट्र ने भी इस स्थिति पर चिंता जताई है और बताया कि उनके पास विश्वसनीय रिपोर्ट हैं जिनके अनुसार अब तक कम से कम दस लोगों की मौत हुई है। तंजानिया के कई हिस्सों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है और सेना की भारी तैनाती की गई है। हालात इतने नाजुक हैं कि सरकार ने कई क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया है।
विपक्षी पार्टी चादेमा के प्रवक्ता जॉन किटोका का कहना है कि सिर्फ दार-ए-सलाम में करीब तीन सौ पचास लोगों की मौत हुई है जबकि म्वांजा में दो सौ से ज्यादा लोग मारे गए हैं। उनका दावा है कि अगर पूरे देश के आंकड़े जोड़े जाएं तो मरने वालों की संख्या सात सौ के करीब पहुंच जाती है। हालांकि सरकार ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
तंजानिया के विदेश मंत्री महमूद थाबित कोम्बो ने कहा है कि सरकार के पास किसी भी तरह के ऐसे आंकड़े नहीं हैं और न ही किसी स्थान पर अत्यधिक बल का प्रयोग किया गया है। उन्होंने विपक्ष के दावों को झूठा करार देते हुए कहा कि अब तक किसी भी प्रदर्शनकारी के मारे जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
बुधवार को हुए चुनाव के बाद से देश के बड़े शहरों में हिंसा फैलने लगी थी। दंगे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं इसलिए पुलिस के साथ सेना को भी सड़कों पर उतार दिया गया है। तंजानिया आम तौर पर शांतिपूर्ण देश माना जाता है लेकिन इस बार हालात बिगड़ते चले गए। कई जगहों पर गोली चलने और थानों पर हमलों की खबरें आई हैं।
सामिया सुलुहू हसन और उनकी पार्टी चामा चा मपिंडुजी पर विपक्ष ने धांधली के गंभीर आरोप लगाए हैं। जैसे ही चुनाव नतीजे घोषित हुए, लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। डर एस सलाम, म्वांजा और डोडोमा जैसे शहरों में प्रदर्शन हिंसक हो गए। भीड़ ने सरकारी इमारतों पर हमला किया, पोस्टर फाड़े और पुलिस से भिड़ंत हो गई। चुनावी जीत के साथ-साथ पूरा देश अब भय और अशांति के माहौल में घिर गया है।
