मोजाम्बिक में दर्दनाक बोट हादसा, ट्रांसफर के दौरान पलटी नाव, तीन भारतीयों की मौत, पांच लापता

पूर्वी अफ्रीकी देश मोजाम्बिक से दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक नाव पलटने की घटना में तीन भारतीयों की जान चली गई है। हादसा…

boat-accident-in-mozambique-boat-capsizes

पूर्वी अफ्रीकी देश मोजाम्बिक से दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक नाव पलटने की घटना में तीन भारतीयों की जान चली गई है। हादसा बेइरा बंदरगाह के पास हुआ जब एक बोट चौदह भारतीय क्रू मेंबर को लेकर ट्रांसफर मिशन पर थी। इसी दौरान अचानक बोट संतुलन खो बैठी और पलट गई।

भारतीय उच्चायोग ने हादसे की पुष्टि की है। बताया गया कि नाव पर कुल चौदह भारतीय मौजूद थे जिनमें से तीन की मौत हो गई है और पांच अब भी लापता हैं। बाकी लोगों को बचा लिया गया है और कुछ को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शुक्रवार को यह घटना उस वक्त हुई जब एक टैंकर जहाज पर नियमित क्रू ट्रांसफर चल रहा था। नाव के पलटने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। जांच शुरू कर दी गई है और जल्द पूरी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

भारतीय उच्चायोग की ओर से कहा गया है कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों से संपर्क किया जा रहा है और हर संभव मदद दी जाएगी। रेस्क्यू टीम लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

मिशन के एक अधिकारी ने अस्पताल में भर्ती भारतीय से मुलाकात की और उसकी हालत का जायजा लिया। उच्चायोग लगातार स्थानीय प्रशासन के साथ संपर्क में है।

इस हादसे के बाद सोशल मीडिया पर भारतीय मिशन ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। कहा गया है कि यह एक बेहद दुखद घटना है और मृतकों के परिवारों को हर प्रकार की सहायता दी जाएगी।