मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान योजना के तहत हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी और पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ हवाई सेवाओं का शुभारंभ वर्चुअल माध्यम से अपने मुख्यमंत्री आवास देहरादून से किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन हवाई सेवाओं के शुरू होने से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में आम नागरिकों का आवागमन सुगम होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अल्मोड़ा और मुनस्यारी उत्तराखंड के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण नगर हैं जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता, मंदिरों और समृद्ध संस्कृति के कारण देश और दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। हेली सेवा शुरू होने से अब हल्द्वानी से अल्मोड़ा पहुँचने का समय 3-4 घंटे से घटकर कुछ मिनटों का रह जाएगा। वहीं पिथौरागढ़ से मुनस्यारी तक का 5-6 घंटे का सफर भी हवाई सेवा से केवल कुछ मिनटों में पूरा होगा। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं से दोनों क्षेत्रों में पर्यटन और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उड़ान योजना के तहत राज्य में हवाई संपर्क मजबूत हुआ है और कई हेलीपोर्ट्स का विकास किया गया है। वर्तमान में राज्य में 18 हेलीपोर्ट्स हैं जिनमें से 12 पर सेवाएँ सफलतापूर्वक शुरू की जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि हेली सेवाओं से गौचर, जोशियाड़ा, हल्द्वानी, मुनस्यारी, मसूरी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल और अल्मोड़ा जैसे क्षेत्रों को जोड़ा जा चुका है और भविष्य में अन्य क्षेत्रों को भी जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हवाई संपर्क को सशक्त बनाने के साथ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार की दिशा में भी काम चल रहा है। जौलीग्रांट और पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं के लिए विकसित किया जा रहा है।
पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ और हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी के लिए हेली सेवा सप्ताह में सात दिन और प्रत्येक दिन दो बार संचालित होगी। पिथौरागढ़ से मुनस्यारी के लिए सुबह 10:30 बजे और दोपहर 1:50 बजे उड़ान होगी। वहीं मुनस्यारी से पिथौरागढ़ के लिए सुबह 10:50 बजे और दोपहर 2:10 बजे उड़ान चलेगी। हल्द्वानी से अल्मोड़ा के लिए सुबह 11:50 बजे और दोपहर 3:10 बजे उड़ान होगी जबकि अल्मोड़ा से हल्द्वानी के लिए दोपहर 12:50 बजे और सायं 4:10 बजे उड़ान चलेगी।
इन हवाई सेवाओं का किराया ₹2500 है और यात्री https://airheritage.in/ के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं। कार्यक्रम में सचिव युकाडा सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी युकाडा आशीष चौहान, नैनीताल जनपद से आयुक्त कुमाऊँ व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी वंदना, विभिन्न जनप्रतिनिधि और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
