देहरादून में आज भारतीय जनता पार्टी की राज्य स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला का आगाज हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसका उद्घाटन किया। इस कार्यशाला का मुख्य मकसद 2027 में तीसरी बार जीत हासिल करने की तैयारी और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना रखा गया है। कार्यशाला में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश सह प्रभारी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट समेत प्रदेश महामंत्री संगठन अजय भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नई दिशा की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सांस्कृतिक धरोहरों को संजोने और संवारे जाने का काम लगातार हो रहा है। भारत अपनी जड़ों से जुड़कर एक बार फिर विश्व गुरु बनने की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। धामी ने बताया कि पीएम मोदी पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने मध्यम वर्ग को राहत देने वाली कई योजनाएं शुरू की हैं। नई जीएसटी व्यवस्था ने आम लोगों और कारोबारियों दोनों को फायदा पहुंचाया है।
बीते दिन ही उत्तराखंड भाजपा की नई टीम ने जिम्मेदारी संभाली थी। इस दौरान प्रदेश कार्यालय में पूजा अर्चना के साथ जीत की हैट्रिक का संकल्प भी लिया गया। भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी में कुंदन परिहार और तरुण बंसल को महामंत्री बनाया गया है। प्रदेश में पहली बार महिला महामंत्री के रूप में दीप्ति भारद्वाज को जिम्मेदारी मिली है। वहीं प्रदेश कार्यालय सचिव का पद संभालने की जिम्मेदारी जगमोहन सिंह रावत को दी गई है।
राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष की मौजूदगी में हो रही इस कार्यशाला में पार्टी के प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और नवनियुक्त पदाधिकारी मिलकर 2027 के मिशन हैट्रिक पर चर्चा कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि एक दिवसीय कार्यशाला का फोकस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है। किस तरह से ग्रामीण और शहरी इलाकों में नए जनप्रतिनिधियों की टीम को बूथों तक सक्रिय किया जाए। किस तरह कार्यक्रमों के जरिए सरकार की उपलब्धियों को जनता तक अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए। इसके अलावा बूथ स्तर पर सभी प्रकोष्ठों और मोर्चों की इकाइयों का गठन भी किया जाएगा। इस कार्यशाला में इन्हीं मुद्दों पर रणनीति तय की जा रही है।
