द्वाराहाट। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को पूर्व में प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत प्रदेश अध्यक्ष करन महरा के नेतृत्व एवं अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी की उपस्थिति में तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन किया।
इस दौरान जहां भाजपा सरकार के खिलाफ खुलकर नारेबाजी की गई। वहीं प्रदेश अध्यक्ष करन महरा ने द्वाराहाट ब्लॉक प्रमुख चुनाव में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि अपहृत लोगों के मामले में यदि तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर ली जाती तो हालात बिगड़ने तक बात न पहुँचती।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस सत्ता के इशारों पर कठपुतली की तरह काम कर रही है। कहा कि जिस राज्य का गठन लंबे आंदोलन और संघर्ष के बाद हुआ हो, वहां का युवा पुलिस की ज्यादती को बर्दाश्त नहीं करेगा।
द्वाराहाट थानाध्यक्ष पर आरोप लगाया कि वे पीड़ित पक्ष की प्राथमिकी को तीन दिन तक लटकाते रहे और बाद में उल्टा उन्हीं पर संगीन धाराएं लगा दीं। कहा कि ऐसे अधिकारियों की सूची तैयार की जा रही है और सत्ता परिवर्तन होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सभा में नारेबाजी करते हुए कहा कि “कब तक जुल्मी जुल्म करेगा, सत्ता के गलियारों से” “जब-जब धामी डरता है, पुलिस को आगे करता है।” इस दौरान विधायक मनोज तिवारी ने सरकार पर हमला बोलते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता का दुरुपयोग कर आम जनता, महिलाओं, युवाओं और कर्मचारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है। पंचायत राज अधिनियम का खुला उल्लंघन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनता आने वाले चुनावों में सत्ता के खिलाफ फैसला करेगी। धनबल और बाहुबल के दम पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर चुनाव जीतने की कोशिश की जा रही है। आरोप लगाया गया कि पुलिस के संरक्षण में बीजेपी समर्थकों ने हिंसा की घटनाओं को अंजाम दिया। तिवारी ने आरोप लगाया कि द्वाराहाट और बेतालघाट में खुलेआम गोली चलाई गई, जबकि नैनीताल में बाहुबल का “नंगा नाच” किया।
उन्होंने कहा कि दीपक किरौला पर हत्या की कोशिश का मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। जबकि क्षेत्र पंचायत सदस्यों के पतियों की अपहरण करने वाले लोगों की आज तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। विधानसभा सत्र को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। कहा कि सदन के भीतर विपक्ष को बोलने का अवसर दिए बिना ही सत्र मात्र डेढ़ दिन में समाप्त कर दिया गया।
सभा को अल्मोड़ा के जिला अध्यक्ष भूपेंद्र भोज, नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख आरती किरौला, नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता आर्या, ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश अधिकारी, नारायण रावत, निर्मल रावत आदि ने भी संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव जगत रौतेला, पूर्व नप अध्यक्ष विनोद जोशी, हीरा रावत, हेम मठपाल, भुवन लहरी, कमल साह, सुनील कांडपाल, भारत भूषण, बीआर आगरी, नंदराम नरेंद्र बिष्ट, नवीन मैंनाली, दिनेश आर्या, जगदीश सिंह बिष्ट, सुनील साह, प्रताप रावत, दीपक कुमार, जीवन सिंह सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
भाजपा के आरोप
इधर भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर क्षेत्र में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व कांग्रेस नेशनल हाईवे जाम कर जनता को सात घंटे तक परेशान करती रही, वहीं चुनाव के दिन भाजपा प्रत्याशी के घर पर जानलेवा हमला किया गया। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है, लेकिन मुख्य आरोपी अभी फरार है।
भट्ट ने प्रशासन से शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि कार्यकर्ताओं की ताकत दिखानी पड़ी तो भाजपा भी पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से उल्टा भाजपा कार्यकर्ताओं पर भी दो एफआईआर दर्ज कराई गई हैं।
जिलाध्यक्ष ने तहसील में कांग्रेस के धरने को “नाकामी छुपाने का असफल प्रयास” बताते हुए कहा कि प्रदेश में करारी हार के बाद कांग्रेस नेतृत्व अब आरोपियों का साथ देकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।
