प्यार के नाम पर धोखा देकर एक लड़की की जान ले ली गई है। मामला बेंगलुरु का है जहां का रहने वाला एक लड़का अपनी गर्लफ्रेंड को शादी का झांसा देकर गोवा ले गया। लेकिन वहां ले जाकर उसने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी है। लड़की की लाश जंगल में सड़क से थोड़ी दूरी पर पड़ी मिली है। उसकी गर्दन पर गहरा जख्म मिला है जिससे साफ हो गया है कि उसे किसी नुकीले हथियार से मारा गया है।
जिस लड़के पर हत्या का आरोप है उसका नाम संजय केविन बताया गया है। वो बेंगलुरु के ही एक इलाके में रहता था और बेरोजगार था। वहीं जिस लड़की की जान ली गई उसका नाम रोशनी था जो एक स्कूल में काम करती थी। दोनों एक ही मोहल्ले के थे और काफी समय से एक दूसरे को जानते थे। पुलिस ने बताया कि दोनों शादी करने के लिए गोवा गए थे। लेकिन वहां जाने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया और लड़के ने मौका देखकर उसकी हत्या कर दी है।
जिस जगह पर लड़की की लाश मिली है वहां आसपास कोई नहीं रहता। सोमवार सुबह जब एक किसान जंगल में कुछ बीज बीनने गया तो उसकी नजर एक लाश पर पड़ी और उसने तुरंत पुलिस को खबर दी। जब पुलिस वहां पहुंची तो लड़की के पास से एक बस टिकट बरामद हुआ। जिससे ये जानकारी सामने आई कि ये टिकट लड़के ने खुद बुक किया था। पुलिस को इस टिकट से काफी कुछ पता चला और फिर जांच की दिशा उस तरफ मुड़ी जहां से लड़का पकड़ा गया।
पुलिस को शुरू से ही शक था कि हत्या की वजह कोई पुराना आपसी विवाद है। एसपी टिकम सिंह वर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में जो बातें सामने आई हैं उससे लगता है कि लड़का किसी शक में था और उसी वजह से उसने ये कदम उठाया। फिलहाल पुलिस आरोपी को कर्नाटक के हुबली से पकड़कर गोवा ले आई है। जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि पता लगाया जा सके कि हत्या की वजह आखिर क्या थी और क्या इसमें कोई और भी शामिल है।
