Whats-App-Image-2026-04-02-at-4-36-29-PM shree-krishna-vidyapeethm,k

नैनीताल में मासूम से दरिंदगी ने तोड़ा शहर का भरोसा , दो महीने तक होटल बुकिंग्स रद्द होने से व्यापारी बेहाल

नैनीताल में हाल ही में एक नाबालिग के साथ हुई हैवानियत ने शहर को गहरे संकट में डाल दिया है। इस घटना ने न सिर्फ…

नैनीताल में हाल ही में एक नाबालिग के साथ हुई हैवानियत ने शहर को गहरे संकट में डाल दिया है। इस घटना ने न सिर्फ नैनीताल की छवि को नुकसान पहुंचाया बल्कि पर्यटन पर भी गंभीर असर डाला है। घटना के बाद से पर्यटकों की संख्या में भारी गिरावट आई है और होटल मालिकों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। कई होटल मालिकों ने बताया कि जून तक की बुकिंग्स रद्द हो गई हैं जिससे व्यापारियों में चिंता की लहर है। इस समय नैनीताल का पर्यटन सीजन अपने चरम पर होता है जब हर साल देश भर से लोग यहां की खूबसूरती का लुत्फ उठाने आते हैं लेकिन इस घटना के बाद पर्यटकों का भरोसा डगमगाया है। होटल संचालकों का कहना है कि इस घटना के बाद बुकिंग कैंसिल होने का सिलसिला लगातार जारी है और उन्हें करोड़ों रुपए का नुकसान होने की आशंका है। कुछ होटल मालिकों ने बताया कि उन्हें इस सीजन में 80 से 90 प्रतिशत की गिरावट का सामना करना पड़ रहा है।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272 25

घटना के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे। हालांकि प्रशासन ने अपनी ओर से सुरक्षा के कई इंतजाम किए हैं। पुलिस गश्त बढ़ाई गई है और सीसीटीवी कैमरे जगह-जगह लगवाए जा रहे हैं। संवेदनशील इलाकों में खास निगरानी रखी जा रही है। नैनीताल के सांसद अजय भट्ट ने भी शहर का दौरा किया और घटना के बाद पर्यटन पर पड़ रहे असर पर चिंता जताई। उन्होंने कहा नैनीताल पूरी तरह से सुरक्षित है। यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण थी लेकिन इसे लेकर पूरे शहर की छवि को खराब करना सही नहीं है। प्रशासन ने जल्दी कार्रवाई की है और दोषियों को पकड़ लिया गया है।

सांसद भट्ट ने आगे कहा कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में सतर्क हैं और आने वाले दिनों में सुरक्षा और मजबूत की जाएगी। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे नैनीताल आने में कोई संकोच न करें। यह खूबसूरत जगह है और यहां के लोग भी बहुत मेहमाननवाज हैं। अगर इस घटना के कारण डरकर यहां न आए तो इसका सीधा असर शहर की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

अब पर्यटन से जुड़े लोग सरकार से राहत पैकेज और प्रचार अभियान की मांग कर रहे हैं ताकि नैनीताल की छवि को फिर से निखारा जा सके। होटल यूनियन और टूर ऑपरेटर एसोसिएशनों का कहना है कि अगर पर्यटकों का भरोसा जल्दी से वापस नहीं आया तो हजारों लोगों की आजीविका पर संकट आ सकता है। फिलहाल प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर नैनीताल की छवि को सुधारने और पर्यटकों का विश्वास वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं। उम्मीद है कि अगले कुछ महीनों में स्थितियां सामान्य होंगी और नैनीताल फिर से सैलानियों से गुलजार होगा।