यमुनोत्री धाम की तीर्थ यात्रा पर आई मध्य प्रदेश की एक महिला श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि महिला जानकी चट्टी से आगे नौ कैंची के पास पैदल चल रही थी जब वह बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजन तुरंत मदद के लिए चिल्लाए और आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस की सहायता से महिला को जानकी चट्टी स्थित अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया है।
मृतक महिला की पहचान रमी बाई गुर्जर के रूप में हुई है जो मध्य प्रदेश से अपने परिवार के साथ यात्रा पर आई थीं। महिला की उम्र करीब साठ साल थी। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में दिल का दौरा पड़ने से मौत की आशंका जताई है। पुलिस ने जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
यमुनोत्री धाम के कपाट इस बार तीस अप्रैल को अक्षय तृतीया के मौके पर खोले गए थे। इसके बाद से अब तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। शनिवार तीन मई को कुल आठ हजार पांच सौ छत्तीस श्रद्धालुओं ने यमुनोत्री धाम में दर्शन किए। इनमें पुरुष महिलाओं के साथ बच्चे भी शामिल रहे हैं। यात्रा के दौरान अचानक हुई इस घटना से माहौल कुछ देर के लिए गमगीन हो गया।
