पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने देश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का निर्देश दिया है। इस फैसले के बाद सीमा हैदर की मुश्किलें फिर से बढ़ गई हैं। वही सीमा हैदर जो पाकिस्तान से अपने प्रेमी सचिन मीना के लिए भारत आई थी।
सीमा पाकिस्तान के सिंध प्रांत के जैकोबाबाद की रहने वाली है। वो 2023 में अपने चार बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते भारत आई थी। उसका सचिन से प्यार PUBG गेम के दौरान हुआ था। फिर सब कुछ छोड़कर वो भारत आ गई और दोनों ने शादी भी कर ली। अब दोनों की एक बेटी भी है जिसका नाम भारती है।
केंद्र सरकार के इस नए आदेश के बाद सीमा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाला है। वीडियो में वो कहती दिख रही है – “मैं पाकिस्तान नहीं जाना चाहती सर। मोदी जी और योगी जी से बस इतनी गुहार है कि मुझे यहीं रहने दिया जाए। मैं अब इनकी अमानत हूं। बेटी पाकिस्तान की थी लेकिन बहू अब भारत की हूं।”
सीमा पर अवैध तरीके से भारत में घुसने का आरोप है जबकि सचिन पर अवैध प्रवासी को शरण देने का। दोनों को पहले गिरफ्तार किया गया था लेकिन बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया।
अब सवाल ये है कि सरकार अपने आदेश में सीमा जैसे मामलों को अपवाद मानती है या नहीं। सीमा का दावा है कि उसने हिंदू धर्म अपना लिया है और अब वो यहीं रहना चाहती है। लेकिन जो कानूनी प्रक्रिया है, उसमें वो कितनी आगे जा पाएगी, ये अभी साफ नहीं है।
