“मम्मी जी, अब कभी नहीं मिलेंगे…” रिटायर्ड जज के कुक की आत्महत्या, 6 लाख से जुड़ा मामला

लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक रिटायर्ड जज के घर में काम करने वाले कुक ने फांसी लगाकर…

लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक रिटायर्ड जज के घर में काम करने वाले कुक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक महेश निषाद चार वर्षों से रिटायर्ड जज अनिल श्रीवास्तव के घर में कुक का काम कर रहे थे। मंगलवार सुबह जब घर में अन्य परिजन मौजूद नहीं थे, तब उन्होंने यह कदम उठाया। उनकी पत्नी कविता जब पड़ोस से लौटी, तो पति को फंदे से लटका देख उसकी चीख निकल गई। आसपास के लोगों की मदद से महेश को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

इस घटना के बाद महेश की पत्नी कविता ने रिटायर्ड जज और उनकी पत्नी वंदना श्रीवास्तव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि होली से पहले जज के घर से साढ़े छह लाख रुपये चोरी हो गए थे, और इस चोरी का आरोप महेश पर लगाया जा रहा था। जज और उनकी पत्नी लगातार उस पर चोरी की रकम लौटाने का दबाव बना रहे थे, जबकि महेश ने चोरी नहीं की थी। इसी मानसिक तनाव में आकर उन्होंने अपनी जान दे दी।

आत्महत्या से पहले महेश ने एक वीडियो भी बनाया, जिसमें वह अपनी मालकिन से आखिरी बार बात करते हुए कह रहे हैं कि “मम्मी जी, आज के बाद आपसे नहीं मिलेंगे।” यह वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने रिटायर्ड जज अनिल श्रीवास्तव और उनकी पत्नी वंदना के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच जारी है।