यहां नाबालिगों की शादी रुकवाई गई, हिमाचल से आया था लड़के का परिवार

उत्तरा न्यूज टीम
2 Min Read

पिथौरागढ़। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट पिथौरागढ़ ने समय रहते दो नाबालिगों की शादी रुकवा दी। विगत 22 जनवरी को एएचटीयू को सूचना मिली कि ग्राम पपदेव में कुछ लोग अपने लड़के की शादी कराने हिमाचल से आये हैं। साथ ही जिस लड़की की शादी हो रही है वह नाबालिक है।

new-modern

मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के आदेश पर एएचटीयू प्रभारी एसआई प्रवीण सिंह के नेतृत्व में एक टीम चाइल्ड हेल्पलाइन कर्मियों के साथ ग्राम पपदेव पहुंची, जहां लड़का व लड़की तथा उनके परिजन मौजूद थे और सगाई की रस्म की जा रही थी। टीम ने लड़की का जन्म प्रमाण पत्र चेक किया तो उसकी उम्र 13 वर्ष निकली। वहीं लड़के के परिजनों ने बताया कि उसकी उम्र भी 18 वर्ष से कम है। दोनों परिवार नेपाल के बजांग निवासी हैं।

जानकारी के अनुसार लड़की वाले लगभग 15 वर्षों से पपदेव में निवास कर रहे हैं तथा लड़के वाले हिमाचल में रह रहे हैं। पुलिस टीम ने दोनों परिवारों की काउन्सलिंग की तथा बाल विवाह से संबंधित कानून की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार इसके बाद दोनों परिवारों ने अपनी गलती स्वीकारते हुए कहा कि उन्हें कानून की जानकारी नहीं थी और अब दोनों के बालिग होने पर ही उनकी शादी करेंगे। इस संबंध में दोनों परिवारों ने प्रार्थना पत्र भी दिया है। दोनों परिवारों को काउन्सलिंग के लिए सीडब्ल्यूसी के समक्ष प्रस्तुत कर पुलिस जरूरी वैधानिक कार्यवाही कर रही है।