गर्व का पल- एसएसजे विवि अल्मोड़ा के एनसीसी कैडेट करेगे गणतंत्र दिवस की परेड में भागीदारी

Newsdesk Uttranews
2 Min Read

अल्मोड़ा,24 जनवरी 2022

सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के अल्मोड़ा परिसर की 77 वीं NCC बटालियन के 5 कैडेट्स राजपथ पर गणतंत्र दिवस के मौके पर होने वाली परेड में प्रतिभाग करेंगे। अल्मोड़ा के इन कैडेट्स द्वारा गणतंत्र दिवस पर भागीदारी करने से अल्मोड़ा में खुशी का माहौल हैं।

new-modern


बटालियन के ए.एन.ओ कैप्टन (डॉ.) देवेंद्र सिंह बिष्ट ने यह जानकारी दी। बताया कि सार्जेंट निकिता राणा गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा होगी। वही अंडर ऑफीसर पुष्पेश अलमिया, अंडर ऑफीसर गौरव सिंह, कैडेट शक्ति सिंह और कैडेट अंकित सुप्याल सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं प्रधानमंत्री रैली में सांस्कृतिक विधाओं को प्रस्तुत करेंगे।


उत्तराखंड के विभिन्न पर्वतीय क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले ये पांचों होनहार एन.सी.सी. कैडेट्स एसएसजे विश्वविद्यालय,अल्मोड़ा परिसर की 77 वीं एन.सी.सी. बटालियन के कैडेट्स हैं। इन सभी कैडेट्स ने राजपथ तक पहुँचने के लिए कई स्तरों पर कठिन प्रशिक्षणों में अपनी योग्यता को साबित कर यह मुकाम पाया है। कैप्टन बिष्ट ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बनने के लिए पूरे देश से एन.सी.सी. के कैडेट्स का चयन विभिन्न प्रतियोगिताओं द्वारा किया जाता है।

उक्त पांचों कैडेट्स विगत 5 महीनों से कड़ी मेहनत के साथ अपने घरों से दूर रहते हुए गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बनकर न केवल विश्वविद्यालय बल्कि उत्तराखंड और अल्मोड़ा की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतिबिंब बनकर गणतंत्र दिवस में अपनी योग्यता का लोहा मनवाने के लिए तैयार हैं।

विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो नरेंद्र सिंह भंडारी ने इन कैडेट्स की मेहनत की प्रशंसा करते हुए इसे समस्त विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का पल बताया।

सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा परिसर के एन. सी.सी अधिकारी कैप्टन (डॉ.) देवेंद्र सिंह बिष्ट कैडेटों की इस उपलब्धि से बेहद गदगद है। उन्होंने कैडेटों की इस उपलब्धि का श्रेय कैडेटों के माता पिता, माननीय कुलपति प्रो. नरेंद्र सिंह भंडारी, एन. सी.सी बटालियन के समादेशक कर्नल अनिल बोस, परिसर के अधिष्ठाता प्रशासन प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो.इला साह और एन. सी.सी के समस्त प्रशिक्षकों को दिया है।