Ramnagar- राजनीति की पथरीली डगर पर दौड़ता रणजीत का सांस्कृतिक रथ

Newsdesk Uttranews
4 Min Read

new-modern

रामनगर, 6 अगस्त 2021

सलीम मलिक

 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए तीन दिवसीय मंथन शिविर की समाप्ति के बाद कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत रावत ने शुक्रवार को सांस्कृतिक मोर्चे से कांग्रेस के चुनाव का श्रीगणेश कर दिया। 

अपने गांव मोतीपुर में धान रोपाई के मौके की पुरानी पर्वतीय परम्परा ‘हुड़किया बॉल’ के आयोजन के तहत महिलाओं के साथ कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत ने परंपरागत तरीके से खेत में धान की फसल रोपाई का शुभारम्भ किया गया। 

हुड़के की थाप पर पर्वतीय वाद्य यंत्रों के सुरीले संगीतमय वातावरण में आयोजित किए गये इस कार्यक्रम में भारी संख्या में क्षेत्रीय लोगों व पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। राजनैतिक तौर पर इसे रणजीत रावत की सांस्कृतिक यात्रा के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।

इस मौके पर रणजीत रावत ने कहा कि हमारी संस्कृति हमारे पूर्वजों की हमें सौंपी हुई धरोहर है। इस धरोहर की रक्षा करते हुए इसे अगली पीढ़ी को हस्तांतरित करना हमारी जिम्मेदारी है। जिसके चलते उनके द्वारा पहाड़ों में धान की फसल की रोपाई के समय किये जाने वाले ‘हुड़किया बॉल’ का हर वर्ष आयोजन किया जाता रहा है। 

कार्यक्रम के बहाने युवा पीढ़ी को अधिक से अधिक जोड़ने का प्रयास किया गया है, जिससे वह भी अपनी पुरानी गौरवशाली परंपराओं से परिचित होते हुए इस कारवां को आगे बढ़ाने में अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि हमें पश्चिमी संस्कृति के सामने अपनी लुप्त होती संस्कृति को बचाने के लिए बंद कमरों में होने वाले चिन्तन से अधिक सार्वजनिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को सन्देश देना चाहिए। तभी हम अपनी संस्कृति की सही मायने में रक्षा करने में सफल होंगे। 

इस दौरान कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्र के साथ-साथ शहरी क्षेत्र से भी तमाम लोगों ने हिस्सा लिया। विधानसभा चुनाव से पूर्व हुए इस सांस्कृतिक आयोजन को स्वभाविक तौर पर चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। लेकिन पूर्व विधायक ने इससे इनकार किया है। उनका कहना है कि पर्वतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार को चुनावी एंगल से जोड़कर देखना गलत है। यह विशुद्ध सामाजिक सांस्कृतिक कार्यक्रम है। 

पिछले पच्चीस सालों से वह अपनी प्रयास संस्था के तहत कुमाउनी होली का भी आयोजन करते चले आये हैं। उनके खुद के होटल में पर्वतीय शैली के खाद्य पदार्थों को बढ़ावा दिया जाता है। पर्वतीय संस्कृति उनकी आत्मा है। राजनीति के लिए अलग मुददे हो सकते हैं। संस्कृति की रक्षा को राजनैतिक चश्में से नहीं देखना चाहिए।

इस कार्यक्रम में मुख्य तौर पर पालिकाध्यक्ष मौ. अकरम, डीसी हर्बोला, देशबन्धु रावत, ओम प्रकाश, किशोरीलाल, बीना रावत, अनिता बिष्ट, ग्राम प्रधान हेमा बिष्ट, ग्राम प्रधान, ऊषा जोशी, ग्राम प्रधान देवकी देवी, ग्राम प्रधान अमरजीत सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य पल्विन्दर सिंह बंटी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य नरेश कालिया, प्रदेश कांग्रेस सचिव डॉ. निशांत पपनै, हरिप्रिया सती, विमला आर्या, धारा बल्लभ पांडे, पूर्व प्रधान गणेश नेगी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष गिरीश मठपाल, उपग्राम प्रधान लीलाधर जोशी, ग्राम प्रधान कुसुम देवी, किशन सेठ, सभासद भुवन शर्मा सभासद गुलाम सादिक सभासद मोहम्मद अजमल शिव कुमार, रश्पाल सिंह, मंजीत सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य भुवन चंद्र, सतनाम सिंह, शंकरलाल उजाला, अनिल अग्रवाल खुलासा, वीरेन्द्र तिवारी, जरीफ सैफ़ी, राजेश नेगी, अतुल अग्रवाल, लईक अहमद सैफ़ी, जमील अहमद सैफ़ी, अनुभव बिष्ट, धीरज मोलिखी, विशाल रावत, महेंद्र आर्या, कुबेर कड़ाकोटी, प्रेम जैन, दीप पान्डे, दीपक जोशी, जगदीप सिंह, हरदीप सिंह दिप्पा, सरताज अली, महेंद्र नेगी, उमाशंकर गुप्ता, आदि मौजूद रहे।