अल्मोड़ा से 23 डॉक्टरों का तबादला, बदले में मिले सिर्फ 18

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार रात एक बड़ा कदम…

almora news

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार रात एक बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने अल्मोड़ा जिले में लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे 23 डॉक्टरों के तबादले का आदेश जारी कर दिया है। शासन ने इस ‘सर्जरी’ के जरिए कार्यप्रणाली में संतुलन लाने और संसाधनों का सही इस्तेमाल करने का दावा किया है।

25
26


लेकिन इस बड़े फेरबदल ने जिले के भीतर डॉक्टरों की किल्लत को और बढ़ा दिया है। जिले से जहां 23 डॉक्टरों को बाहर भेजा गया है, वहीं उनके बदले अल्मोड़ा को महज 18 डॉक्टर ही मिले हैं। यानी सीधे तौर पर जिले में 5 डॉक्टरों की कमी हो गई है। इसके अलावा सबसे बड़ा सवाल यह भी खड़ा हो गया है कि स्थानान्तरित होकर आ रहे 18 डॉक्टरों में से वास्तव में कितने डॉक्टर पहाड़ों के इन दुर्गम क्षेत्रों में आकर ज्वाइन करेंगे, क्योंकि अक्सर डॉक्टर सुदूर क्षेत्रों में तैनाती से कतराते रहे हैं।


मुख्यालय में वीआईपी ड्यूटी, ग्रामीण अस्पताल खाली
दरअसल, अल्मोड़ा जिले के पर्वतीय और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र लंबे समय से डॉक्टरों की भारी कमी से जूझ रहे हैं। इसके विपरीत, जिला मुख्यालय और उसके आस-पास के सुगम इलाकों में डॉक्टरों की संख्या जरूरत से ज्यादा थी, जिससे संसाधनों का संतुलन प्रभावित हो रहा था और कई रसूखदार डॉक्टर वर्षों से एक ही स्थान पर जमे हुए थे।


स्वास्थ्य विभाग की इस नई सूची में जिला अस्पताल, मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं से जुड़े डॉक्टरों को शामिल किया गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत ने बताया कि विभाग के आदेशानुसार अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।


जिला अस्पताल के पीएमएस और कई नामी विशेषज्ञ भेजे गए बाहर

डॉ. एचसी गड़कोटी (पीएमएस, जिला अस्पताल): इनका तबादला जिला अस्पताल नैनीताल किया गया है।
डॉ. नरेश कुमार (रेडियोलॉजिस्ट): इन्हें उप जिला अस्पताल रामनगर भेजा गया है।
डॉ. प्रवीण कुमार लस्पाल (वरिष्ठ चिकित्साधिकारी): इनका तबादला जिला अस्पताल नैनीताल हुआ है।
डॉ. मनीष पंत (बाल रोग विशेषज्ञ): इन्हें जिला अस्पताल पिथौरागढ़ स्थानांतरित किया गया है।
डॉ. हेमा रावत पांगती व डॉ. अमित सुकोटी (सर्जन): दोनों को जिला अस्पताल पिथौरागढ़ भेजा गया है।
डॉ. हरीश चंद्र आर्या (फिजिशियन): इनका स्थानांतरण जिला अस्पताल बागेश्वर किया गया है।
नर्सिंग स्टाफ: जिला अस्पताल की तीन नर्सिंग अधिकारियों का भी तबादला हुआ है, जिसमें दीपा बुदियाल को पीएचसी जौलजीवी, सुनीता गड़िया को सीएचसी बैजनाथ (बागेश्वर) और मयंक सैम्यूल को सीएचसी रिखड़ीखाल (पौड़ी) भेजा गया है।


चौखुटिया क्षेत्र को मिली राहत, 5 नए डॉक्टर तैनात
एक तरफ जहां जिला अस्पताल खाली हुआ है, वहीं दूसरी तरफ उप जिला चिकित्सालय चौखुटिया की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने के लिए विभाग ने पांच नए चिकित्सकों की तैनाती की है। इनमें से चार चिकित्सक उप जिला चिकित्सालय चौखुटिया में और एक चिकित्सक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) धामदेवल में अपनी सेवाएं देंगे।


नई सूची के अनुसार डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. रश्मि शर्मा, डॉ. सैय्यद अब्बास और डॉ. बृजेश सिंह को चौखुटिया अस्पताल में तैनाती दी गई है, जबकि डॉ. राखी गुसाईं का स्थानांतरण पीएचसी धामदेवल किया गया है। इसके विपरीत, चौखुटिया में पहले से कार्यरत तीन डॉक्टरों— डॉ. अमजद खान, डॉ. अमित रतन और डॉ. सोनी का अन्य स्थानों पर तबादला कर दिया गया है।
अब सारा दारोमदार इस बात पर टिका है कि तबादला सूची के इस फेरबदल के बाद अल्मोड़ा को मिले 18 नए डॉक्टर कब तक अपनी नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करते हैं।

Leave a Reply