कोतवाली रोड पर शव के साथ किया प्रदर्शन, पत्नी पर हत्या का आरोप

पिथौरागढ़ सहयोगी। नगर के एक निजी अस्पताल में काम करने वाले युवक की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में मृतक के परिजनों और…

30916341c94fdcba14f5ca025386d167

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272 25

पिथौरागढ़ सहयोगी। नगर के एक निजी अस्पताल में काम करने वाले युवक की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को शव के साथ जिला मुख्यालय में प्रदर्शन कर यातायात अवरूद्ध कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक की पत्नी पर हत्या का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग की। कोतवाली में भी प्रदर्शन किया। पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

मृतक सुमित सिंह उम्र 31 वर्ष की मां मनोरमा ने तहरीर में बताया है कि उसके पुत्र का विवाह करीब 9 माह पूर्व जनपद बागेश्वर के बैजनाथ क्षेत्र में चौरसूं निवासी मनीषा पुत्री सुरेश सिंह के साथ हुआ था। 

मां का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही मनीषा उनके बेटे को तंग करने लगी थी। बीती 22 अगस्त को सुमित और मनीषा महिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ गए और गर्भवती मनीषा का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मृतक सुमित की मां के अनुसार स्वास्थ्य परीक्षण के बाद मनीषा ने गांव ने जाकर निजी अस्पताल के परिसर में स्थित सुमित के कमरे में ही रहने की जिद करी और आरोप है कि उसी रात उसने सुमित की हत्या कर दी। 

23 अगस्त की सुबह कुछ अज्ञात लोगों की मदद से अस्पताल का गेट फांदकर एक रिश्तेदार के पास गई और बताया कि सुमित उसके साथ मारपीट कर तंग कर रहा है। इसके बाद सुमित के कमरे में लोग पहुंचे। मौके पर खून बिखरा था और सुमित संदिग्ध हालात में मृत पड़ा था। उसे काफी चोटें भी लगी थीं। 

सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने तब इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला करार दिया।     

इधर मंगलवार को लोगों ने पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर कोतवाली रोड पर जाम लगा दिया और उन्होंने नारेबाजी करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव को दफनाने से इन्कार कर दिया। इस दौरान काफी हंगामा होता रहा। आखिरकार पुलिस को मुकदमा दर्ज करते हुए उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया जिसके बाद प्रदर्शन कर शव लेकर वापस गए। 

पिथौरागढ़ कोतवाली प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि मामले में 302 का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जिसके बाद आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।