बिहार में राष्ट्रीय जनता दल की हार के बाद यादव परिवार में झगड़ा बढ़ गया है। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह राजनीति छोड़ रही हैं और अपने परिवार से नाता तोड़ रही हैं। उन्होंने पोस्ट में राज्यसभा सांसद संजय यादव का नाम लेते हुए कहा कि सारा दोष वह खुद पर ले रही हैं। रोहिणी ने बताया कि संजय यादव और रमीज ने उन्हें यही करने को कहा था।
शुरुआत में रोहिणी ने केवल राजनीति छोड़ने और परिवार से दूरी बनाने की बात लिखी थी। लेकिन बाद में पोस्ट को एडिट कर संजय यादव और रमीज का नाम जोड़ा गया। जनता दल यूनाइटेड ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी। जदयू प्रवक्ता नीरज यादव ने कहा कि राजद एक परिवार की पार्टी है और अब परिवार की कलह सबके सामने आ गई है।
संजय यादव को तेजस्वी यादव का सलाहकार माना जाता है। जबकि रमीज किसी आधिकारिक पद पर नहीं हैं। इसके पहले ही रोहिणी ने सितंबर में सोशल मीडिया पर परिवार के लोगों को अनफॉलो कर दिया था। अब वह सिर्फ पांच लोगों को फॉलो करती हैं जिसमें उनकी बहन राजलक्ष्मी यादव शामिल हैं।
