द्वाराहाट/अल्मोड़ा:: नारी शक्ति के सम्मान में मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जीजीआईसी द्वाराहाट की प्रधानाचार्य सोनिका नेगी का परिचय एक प्रेरणादायक महिला के संघर्ष और परिश्रम कहानी है, जिन्होंने अपने संघर्ष और परिश्रम से शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, द्वाराहाट की प्रधानाचार्य सोनिका नेगी आज पूरे क्षेत्र में बालिका शिक्षा के प्रति अपने योगदान के लिए जानी जाती हैं।
संघर्षों की कहानी बनी प्रेरणा
सोनिका नेगी का जीवन संघर्षों से भरा रहा, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। इकलौती संतान होने के नाते पिताजी के देहांत के बाद घर और व्यापार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी उन्होंने इंटर तक की शिक्षा एडम्स इंटर कॉलेज अल्मोड़ा से हासिल की और कड़ी मेहनत से एमएससी और बी.एड की डिग्री प्राप्त की। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हुए उन्होंने प्राइवेट स्कूलों में अध्यापन कार्य किया और विशिष्ट बीटीसी करने के बाद राजकीय विद्यालय में सहायक अध्यापिका के रूप में कार्यभार संभाला। अपने दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर उन्होंने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, द्वाराहाट में प्रवक्ता जीव विज्ञान के पद पर नियुक्ति प्राप्त की।
बालिका शिक्षा के लिए निरंतर प्रयास
वर्तमान में प्रधानाचार्य के रूप में कार्यरत सोनिका नेगी बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अनेक प्रयास कर रही हैं। वह यूट्यूब चैनल के माध्यम से विज्ञान विषय को रोचक और सरल बनाकर विद्यार्थियों तक पहुंचा रही हैं। उनके मार्गदर्शन में छात्राओं ने विज्ञान प्रदर्शनी, इंस्पायर अवार्ड जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उन्होंने अनेक सराहनीय कार्य किए हैं, जिनमें आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं की फीस जमा करना, निशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराना और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बनाए रखना शामिल है। उनके प्रयासों और मार्गदर्शन से 2019 में भावना राणा का चयन एमबीबीएस कोर्स के लिए हुआ जो राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी से यह कोर्स कर रहीं हैं।
सम्मानों की श्रृंखला
सोनिका नेगी को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभिन्न मंचों पर सम्मानित किया गया है। उनके मार्गदर्शन में छात्रा मनीषा आर्य ने राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व किया और NCERT द्वारा सम्मानित हुई। इसके अतिरिक्त, उन्हें ब्लॉक, जिला एवं राज्य स्तर पर कई पुरस्कारों से नवाजा गया। उनकी शिक्षण शैली और बालिका शिक्षा के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें “उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान” भी प्रदान किया गया।
नारी सशक्तिकरण की मिसाल
सोनिका नेगी न केवल एक शिक्षिका हैं, बल्कि नारी सशक्तिकरण का जीवंत उदाहरण भी हैं। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित किया है कि अगर इरादे मजबूत हों तो कोई भी चुनौती सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती। उनके प्रयासों से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, द्वाराहाट आज शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
महिला दिवस के इस विशेष अवसर पर सोनिका नेगी जैसी प्रेरणादायक महिलाएं , जो न केवल स्वयं सशक्त हैं बल्कि अन्य महिलाओं को भी सशक्त बनने की प्रेरणा दे रही हैं।