प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में मुख्यमंत्री रोजगार योजना की शुरुआत की है। 26 सितंबर की सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस योजना के तहत 75 लाख महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपए सीधे ट्रांसफर किए गए। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत कई मंत्री मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन बिहार की माताओं और बहनों के लिए बहुत खास है। उन्होंने बताया कि जब कोई बहन या बेटी रोजगार करती है तो उसके सपनों को पंख मिलते हैं और समाज में उसका सम्मान बढ़ता है। उन्होंने जन-धन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि अगर 30 करोड़ से ज्यादा माताओं बहनों के खाते नहीं खुलवाए होते तो आज यह पैसा सीधे उनके खातों में नहीं पहुंच सकता था। पीएम मोदी ने बताया कि पहले योजना का पैसा अक्सर पहुंचने से पहले ही लुट जाता था, लेकिन अब पूरा पैसा सीधे खातों में जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले बिहार में नक्सली आतंक का डर था, जिससे सबसे ज्यादा महिलाओं को परेशानी होती थी। नीतीश कुमार के नेतृत्व में कानून का राज लौटने के बाद महिलाएं राहत महसूस कर रही हैं। इस योजना के तहत 18 से 60 साल की महिलाओं को बिजनेस शुरू करने के लिए 2 लाख रुपए तक का लोन दिया जाएगा। हर परिवार की एक महिला इस योजना का लाभ ले सकती है। इसके लिए आवेदन करने वाली महिलाओं को पहले 10 हजार रुपए दिए जाएंगे, उसके बाद बिजनेस का एनालिसिस किया जाएगा और सब ठीक रहने पर 2 लाख तक का लोन मिलेगा। जीविका दीदियों के जरिए महिलाओं के फॉर्म भरे गए हैं।
