घास काटने जंगल गई महिला पर वन्यजीव ‌का हमला ,बचने के प्रयास में खाई में गिरी महिला, मौत

बागेश्वर के काफलीगैर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है।क्षेत्र के पासदेव गांव की एक महिला बिनसर के जंगलों में घास काटने गई…

uttra news


बागेश्वर के काफलीगैर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है।
क्षेत्र के पासदेव गांव की एक महिला बिनसर के जंगलों में घास काटने गई थी, इस बीच एक वन्यजीव के हमले के बाद बचने के प्रयास में वह गहरी खाई में गिर गई, और उसकी मौत हो गई ।

घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। महिला के साथ मौजूद महिलाओं का कहना है कि महिला पर गुलदार ने हमला किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पासदेव गांव निवासी तारा देवी पत्नी प्रेम राम‌ बीते रोज मंगलवार को अन्य महिलाओं के साथ बिनसर के जंगल में घास काटने गई थीं।


प्रत्यक्षदर्शी विमला देवी के अनुसार इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने तारा देवी पर अचानक हमला कर दिया। हमले से घबराकर महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरी।


बदहवासी में इसकी सूचना गांव में दी गई और
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।


थानाध्यक्ष मनबर सिंह ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान महिला को खाई से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है।


इधर ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की गतिविधियां देखी जा रही थीं, लेकिन वन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। लोगों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने की मांग की है।

मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं और पति मेहनत मजदूरी करते हैं। वनविभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। हालांकि वन विभाग ने महिला की मौत गुलदार के हमले में होने की पुष्टि नहीं की है।

Leave a Reply