उत्तर प्रदेश के आगरा से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। छावनी विधानसभा से भाजपा विधायक जीएस धर्मेश के जन्मदिन की बधाई में लगे होल्डिंग्स को लोगों ने फाड़ दिया, जिस पर उनके बेटे विवेक धर्मेश ने नगला टेकचंद के विनय समेत चार अज्ञात लोगों पर केस दर्ज करवाया।
विवेक धर्मेश ने कहा कि पिता की फोटो के साथ भारतीय जनता पार्टी का भी यह अपमान है। होल्डिंग्स पर पार्टी का नाम भी लिखा हुआ था।
थाना सदर क्षेत्र डिफेंस कालोनी बुंदु कटरा में छावनी विधानसभा से विधायक डा. जीएस धर्मेश का आवास है।
उनका जन्मदिन था। इस अवसर पर उनके सम्मान में क्षेत्र वासियों ने जगह-जगह बधाई देने के लिए बड़े-बड़े होल्डिंग्स और बैनर लगवाई थे। विवेक धर्मेश का कहना है कि जन्मदिन की खुशी में मधु नगर चौराहा , बुंदुकटरा, देवरी रोड़, भीमवाटिका अन्य स्थानों पर होर्डिंग्स लगवाए थे। रात में होर्डिंग्स और बैनर लगे थे। उसी रात को यह होल्डिंग और बैनर फाड दिए गए।
इन होल्डिंग्स पर डॉक्टर जी एस धर्मेश के साथ भारतीय जनता पार्टी का नाम भी लिखा था। पिता के साथ पार्टी का भी यह अपमान माना गया। इसके बाद उनके बेटे विवेक धर्मेश ने नगला टेकचंद के विनय कुमार और 4 अज्ञातों पर केस दर्ज कराया है।
उन्होंने बताया कि विनय कुमार अपने साथियों के साथ आया था। उसने पिता के लगे होर्डिंग्स फाड़ दिए थे। पिता की छवि को खराब करने का प्रयास किया है। इधर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
