उत्तराखंड में बदला मौसम, कई जिलों में आज भी भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। बीते दिन हुई जोरदार बारिश ने लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दी है। प्रदेश के कई…

1200 675 24205076 thumbnail 16x9 pick

उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। बीते दिन हुई जोरदार बारिश ने लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दी है। प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। लगातार हो रही बारिश के चलते मौसम ठंडा महसूस होने लगा है और गर्मी से जूझ रहे लोगों ने राहत की सांस ली है।

मौसम विभाग के अनुसार, आज भी उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। खासतौर पर पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश के आसार हैं। विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।

उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना है। इन इलाकों में ओलावृष्टि और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल और उधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। हालांकि, हरिद्वार जिले में मौसम शुष्क बना रह सकता है।

देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, उधम सिंह नगर, हरिद्वार, चंपावत और नैनीताल जिलों में भी बिजली गिरने, तेज बारिश और झोंकेदार हवाओं की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है।

देहरादून में आसमान मुख्यतः साफ से लेकर आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। तेज हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।