भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली हाल ही में एक कार्यक्रम में शिरकत करते नजर आए। लेकिन इस दौरान उनकी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा उनके साथ नहीं थीं। इसी को लेकर एक फैन ने जब अनुष्का के बारे में पूछा तो विराट ने मुस्कुराते हुए जो जवाब दिया उसने सबका दिल जीत लिया।
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि विराट किसी कार्यक्रम में अपने दोस्तों के साथ बातचीत कर रहे होते हैं। तभी एक शख्स उनसे अनुष्का को लेकर सवाल करता है। इस पर विराट बेहद सहज अंदाज में हाथ के इशारे से बताते हैं कि उनका बेटा सो रहा है और अनुष्का उसके साथ हैं। इसके बाद वे उसी अंदाज में सामने खड़े फैंस को बेस्ट ऑफ लक का इशारा करते हैं।
इस वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कई यूजर्स ने विराट के जवाब को बहुत भावुक और पारिवारिक बताया है। किसी ने इसे विराट का अपने परिवार के प्रति प्यार बताया तो किसी ने इसे एक आदर्श पिता और पति की पहचान कहा।
विराट और अनुष्का ने 11 दिसंबर 2017 को इटली में शादी की थी। साल 2021 में उनकी बेटी वामिका का जन्म हुआ और फिर 2024 में उनके बेटे अकाय ने इस परिवार को और पूरा कर दिया। विराट का ये छोटा सा जवाब एक बार फिर साबित करता है कि मैदान के बाहर भी वे एक जिम्मेदार और भावनात्मक इंसान हैं।