उत्तराखंड की बेटियां लगातार अपनी प्रतिभा से राज्य का नाम रोशन कर रही हैं। रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक के जयकंडी गांव की प्रतिभा नेगी ने अपने परिश्रम और समर्पण से एक बार फिर यह साबित कर दिया कि पहाड़ की बेटियां किसी से कम नहीं हैं। प्रतिभा का चयन देश की प्रतिष्ठित सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) में असिस्टेंट क्वालिटी कंट्रोल ऑफिसर के पद पर हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
प्रतिभा के पिता वीरेंद्र नेगी अगस्त्यमुनि में इलेक्ट्रिकल की दुकान चलाते हैं, जबकि माता विजया नेगी स्थानीय चिल्ड्रेन एकेडमी इंटर कॉलेज में अध्यापिका हैं। प्रतिभा की प्रारंभिक शिक्षा भी इसी विद्यालय से हुई। उन्होंने साल 2019 में एमएससी (रसायन विज्ञान) में उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए और उसी वर्ष CSIR-NET परीक्षा क्वालीफाई की। इसके बाद 2020 में उन्होंने GATE परीक्षा पास कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
वर्तमान में प्रतिभा CSIR-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम, देहरादून से पीएचडी कर रही हैं। उनका चयन इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड में महाराष्ट्र के लिए हुआ है, जहां वे अब अपनी सेवाएं देंगी। प्रतिभा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्चे मन से की जाए, तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है।
स्थानीय लोगों और शिक्षण संस्थान के शिक्षकों ने प्रतिभा की सफलता पर गर्व व्यक्त किया है। उनका कहना है कि सीमित संसाधनों में भी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने भी प्रतिभा नेगी को बधाई देते हुए कहा कि “प्रतिभा नेगी की सफलता न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे रुद्रप्रयाग जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने पहाड़ की बेटियों के लिए प्रेरणा का नया अध्याय लिखा है।”
प्रतिभा की यह सफलता उन सभी पहाड़ी लड़कियों के लिए प्रेरणास्रोत है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखती हैं। प्रतिभा ने यह साबित कर दिया है कि जब मेहनत और विश्वास साथ हों, तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं रहती।
