उत्तराखंड में शनिवार को मौसम शुष्क बताया जा रहा है जिसके चलते तापमान भी सामान्य से अधिक बने रहने के आसार दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को पर्वतीय क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी होगी प्रदेश के मैदानी जनपदों में पिछले दो दिनों तक बादल छाए रहने के आसार हैं।
वही पर्वतीय क्षेत्रों में हल्के बारिश और बर्फबारी होने के बाद अब मौसम एक बार फिर शुष्क हो गया है। शुक्रवार को तेज धूप थी जिसकी वजह से दिन में तापमान काफी बढ़ गया था।
चटख धूप निकलने के कारण तापमान में भी 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आया। जबकि सुबह और शाम के समय हवा चलने के कारण हल्की ठंड भी बनी रही। इससे पहले दो दिनों तक प्रदेश के मैदानी जनपदों में बादल छाए रहे और सर्द हवाएं चलने के कारण तापमान में भी गिरावट आई।
दो दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के बाद शुक्रवार को एक बार फिर तापमान ज्यादा रहा। शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 28.2 और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा। उधम सिंह नगर का अधिकतम तापमान 28.5 और न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 17.5 न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 20.1 और न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज भी प्रदेश भर में मौसम साफ रहेगा। शुष्क मौसम के चलते तापमान में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
जबकि रविवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है जिसके चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है।
