Uttarakhand: गुलदार को पकड़ने वाले पिंजरे ने दिया धोखा, अंदर रखे कुत्ते को खाकर भाग निकला, स्कूलों में हुई छुट्टी

बाराकाेट ब्लाक के च्यूरानी के धरगड़ा तोक में लगाए गए पिंजरे में फंसने के बजाए गुलदार अंदर रखे कुत्ते को मारकर खा गया। इस सूचना…

n69264432117654605727208ceca1b8c532c9a2d27afce58a2625b11b217d9c516e4878b198de12ea021cea

बाराकाेट ब्लाक के च्यूरानी के धरगड़ा तोक में लगाए गए पिंजरे में फंसने के बजाए गुलदार अंदर रखे कुत्ते को मारकर खा गया। इस सूचना के बाद सुबह वन विभाग के टीम मौके पर पहुंची तो पिंजरे के अंदर कुत्ते का केवल सिर मिला। गुलदार कुत्ते को पूरी तरह खा गया।

विभागीय अधिकारी को कहना है कि पिंजरे का फाटक ना लगने की वजह से गुलदार कैद नहीं हो पाया। पिंजरे को नए सिरे से लगा दिया गया है। मंगलवार की सुबह धरगड़ा निवासी 44 वर्षीय देव सिंह अधिकारी को गुलदार ने घर के पास ही मौत के घाट उतार दिया था।


मृतक के पिता कल्याण सिंह अधिकारी का कहना है कि देर रात गुलदार पिंजरे में घुसा और कुत्ते को मार कर खा गया। रात में उन्होंने गुलदार के गुर्राने की आवाज भी सुनी थी। सुबह देखा तो पिंजरे में रखा कुत्ता खाया हुआ था और पिंजरा खून से लथपथ था। वन विभाग के रेंजर आरके जोशी का कहना है कि गुलदार ने पिंजरे में घुसकर कुत्ते को खा लिया।

पिंजरे में कुत्ते का केवल सिर का हिस्सा मिला। उन्होंने बताया कि पिंजरे का फाटक बंद नहीं होने से गुलदार फंस नहीं पाया। पिंजरे को नए सिरे से लगाया गया है।


बताया कि धरगड़ा के अलावा ,मिरतोली और च्यूरानी में भी पिंजरे लगाए गए हैं। कैमरा ट्रैप से गुलदार की लोकेशन ली जा रही है। इधर गुलदार के कैद न होने से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश बोहरा ने बताया कि शाम को ओखलंज में उनके घर के ठीक सामने गुलदार दिखाई दिया। क्षेत्र में एक नहीं, कई गुलदार सक्रिय हैं।

ओखलंज, मिरतोली, च्यूरानी, जमरेडी, मौकोट आदि गांवों में लगातार गुलदार नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर गोली मारने की मांग की है। कहा है कि लोगों की सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा गया तो क्षेत्र की जनता वन विभाग के विरूद्ध आंदोलन शुरू करेगी।


गुलदार के आतंक की वजह से अभिभावकों की मांग को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने राप्रावि च्यूरानी, राउप्रावि च्यूरानी, राप्रावि पुनई, राप्रावि मिरतोली, रापूमावि च्यूरानी के बच्चों को एक दिन का अवकाश दे दिया। जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी ने बताया कि गुलदार के भय से क्षेत्र में दहशत बनी हुई है। अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने में डर रहे हैं।


च्यूरानी क्षेत्र के धरगड़ा तोक में लगे पिंजरे में गुलदार के कैद न होने पर लोगों ने वन विभाग के विरूद्ध प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि वन विभाग के लापरवाही की वजह से गुलदार पिंजरे के अंदर घुसा लेकिन सुरक्षित बाहर निकल गया।
पिंजरा या तो खराब है या फिर लापरवाही से लगाया गया था।

ग्रामीणों ने वन विभाग पर जान से खिलवाड़ का आरोप लगाया है। जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी के नेतृत्व में लोगों ने वन विभाग के विरूद्ध जोरदार नारेबाजी की। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र गुलदार को पकड़ा या मारा नहीं गया तो जनता आंदोलन करेगी। जिपं सदस्य योगेश ने कहा कि क्षेत्र में कई गुलदार घूम रहे हैं, इनमें से कई के मुह में इंसानों का खून लग चुका है।


उन्होंने च्यूरानी में देव सिंह अधकारी को मौत के घाट उतारने वाले गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में उमेश चंद्र जोशी, हिमांशु जोशी, अशोक जोशी, विनोद जोशी, धन सिंह अधिकारी, गोविंद लाल वर्मा, शुभम नाथ, भोला प्रसाद, राजेश जोशी, नमन जोशी, पप्पू अधिकारी, शंकर जोशी, योगेश लाल वर्मा, दीपक जोशी, बबलू नाथ सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply