Uttarakhand Panchayat Chunav: यहां छा गई है देवरानी और जेठानी, एक है ग्राम प्रधान तो एक है क्षेत्र पंचायत सदस्य, हर ओर चर्चा

बेरीनाग मे एक और जहां त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में एक सीट के लिए चार से पांच उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं और हर कोई लुभावने…

n67243035417524636833616db65d6e06030dfdb553196c4b85309355dca00c08684097d253d71ee577b894

बेरीनाग मे एक और जहां त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में एक सीट के लिए चार से पांच उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं और हर कोई लुभावने वादे कर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की होड़ में लगा हुआ है। वही ग्राम पंचायत रीठा रैतोली के ग्रामीणों ने चुनावी शोरगुल से दूर एक ही घर की देवरानी व जेठानी को अपना मुखिया चुन लिया है।


ग्राम पंचायत में देवरानी ग्राम प्रधान तो जेठानी क्षेत्र पंचायत सदस्य के रूप में निर्विरोध चुनी गई है। विकासखंड मुख्यालय में लगभग 10 किलोमीटर दूर रीठा रैतोली गांव में विगत चालीस वर्षों से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में धारियाल परिवार का राज कायम है। इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत में देवरानी निशा धारियाल ग्राम प्रधान तो वहीं दूसरी और उनकी जेठानी जानकी धरियाल क्षेत्र सदस्य चुनी गई हैं।

वर्तमान समय में ऐसा कम देखने को मिलता है जहां एक ही परिवार की दो महिलाएं पूरे गांव को संभाल रही है।


निशा लगातार दूसरी बार ग्राम प्रधान बनी है। निशा के 5 वर्ष के कार्यकाल को देखते हुए ग्रामीणों ने उन पर दूसरी बार भरोसा दिखाया है। इससे पहले निशा और जानकी के ससुर बाला दत्त धारियाल लगातार 1980 से 2009 तक ग्राम प्रधान चुने गए और 2009 मे बालादत्त धारियाल की पत्नी अंबिका धारियाल ग्राम प्रधान चुनी गईं।

उन्ही के कार्यकाल में बहू जानकी धारियाल क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर रह चुकी हैं।
वर्ष 2014 में आरक्षित सीट आने के चलते वह चुनाव नहीं लड़ सके। वहीं 2019 में फिर से उनकी छोटी बहू निशा चुनाव मैदान में उतरी और चुनाव जीती। बालादत्त धारियाल के बड़े पुत्र उमेश धारियाल की पत्नी जानकी धारियाल हैंं और छोटे पुत्र प्रमोद धारियाल की पत्नी निशा धारियाल।


बताया जा रहा है कि ग्रामीणों की हर छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए यह परिवार हर समय खड़ा रहता है ग्रामीणों के दुख सुख में भी यह साथ देता है। उनका परिवार निजी संसाधनों से भी ग्रामीण की मदद करता है। रीठा रैतोली गांव में साग-सब्जी की अच्छी पैदावार होती है। हर सीजनल सब्जियां सबसे पहले यहां से बेरीनाग बाजार में उपलब्ध हो जाती हैं।


गांव में पानी की उचित व्यवस्था है और यह गांव सडक से जुड़ा हुआ है। इससे ग्रामीणों के उत्पाद आसानी से बाजार पहुंच पाते हैं। सब्जी उत्पादन से क्षेत्र के अधिकांश काश्तकारों की आजीविका में सुधार हो रहा है।


निशा और जानकी का गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। निशा और जानकी ने कहा कि जिस तरह से ग्राम सभा के लोगों ने उन पर विश्वास जताया है वह उनके विश्वास को टूटने नहीं देगी और विकास के कार्यों को लगातार आगे बढ़ाएंगी।


रीठा रैतोली क्षेत्र पंचायत सीट दो ग्राम सभाओं को मिलाकर बनी हुई है। यहां लगभग 21 जाति के लोग निवास करते हैं। इनमें चंद रजवार, राठौर, धारियाल, बहुगुणा, तड़ागी, खाती, जोशी, ततराड़ी, कापड़ी, रावत, कार्की, बोहरा, कढायत, पुजारा, भण्डारी, महरा, मारकुना, कुंवर, सामंत, बोरा, भट्ट शामिल हैं।


रीठा रैतोली मे 950 मतदाता हैं। जहां बेरीनाग विकासखंड में 13 ग्राम प्रधान निर्विरोध चुने गये हैं। जिसमें 9 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। जबकि क्षेत्र पंचायत में तीन सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इसमें 2 महिलाएं और एक पुरुष हैं।