उत्तराखंड के राज्यपाल के हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी गड़बड़ी, श्रीनगर में करानी पड़ी आपात लैंडिंग

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) के हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आने से हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए पायलट ने…

1200 675 26198865 thumbnail 16x9 dd

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) के हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आने से हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को इमरजेंसी के तौर पर पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीनगर स्थित जीवीके हेलीपैड पर उतार दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर में कुछ तकनीकी खामियां सामने आईं, जिसके बाद एहतियात के तौर पर तुरंत नजदीकी सुरक्षित स्थान पर लैंडिंग का फैसला लिया गया। इसके तहत हेलीकॉप्टर को श्रीनगर के जीवीके हेलीपैड पर सुरक्षित उतारा गया।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

हेलीकॉप्टर के उतरते ही मौके पर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल बढ़ गई। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत राज्यपाल को तत्काल श्रीनगर स्थित पुलिस गेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां वे फिलहाल सुरक्षित हैं। उधर, तकनीकी टीम हेलीकॉप्टर की जांच में जुट गई है और खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते इमरजेंसी लैंडिंग कर ली गई, जिससे किसी तरह की अनहोनी टल गई।

फिलहाल राज्यपाल के आगे के कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही अगली उड़ान को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

श्रीनगर कोतवाल कुलदीप सिंह ने बताया कि, तकनीकी खामी के कारण हेलीकॉप्टर को जीवीके हेलीपैड पर उतारा गया है। जहां हेलीकॉप्टर की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस समय राज्यपाल पुलिस गेस्ट हाउस श्रीनगर में मौजूद हैं।

बताया जा रहा है कि राज्यपाल टिहरी गढ़वाल से गैरसैंण के लिए जा रहे थे। गैरसैंण में कल 9 मार्च से बजट सत्र आहूत है। जिसके तहत राज्यपाल गैरसैंण के लिए जा रहे थे।

Leave a Reply