जम्मू कश्मीर में माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन हुआ जिसमें कई लोग मारे गए और दर्जनों घायल हुए। मुज़फ़्फरनगर का एक परिवार भी इस हादसे में फंस गया है। मिंटू कश्यप अपनी पत्नी बबली बेटी उमंग बेटे कार्तिक और साले की बेटी वैष्णवी के साथ यात्रा पर गए थे। इस दौरान अचानक भूस्खलन हुआ और कार्तिक की घटनास्थल पर मौत हो गई। बाकी चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। मिंटू कश्यप ने अस्पताल से किसी अन्य व्यक्ति के फोन से परिजनों को हादसे की सूचना दी। खबर फैलते ही मुज़फ़्फरनगर में इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और लोगों की भीड़ मिंटू के घर जुट गई।
प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जम्मू में जो हादसा हुआ वह अत्यंत दुखद है। लगभग दस लोगों की मौत हुई है और मुज़फ़्फरनगर का यह परिवार भी प्रभावित हुआ है। कार्तिक की उम्र 18 वर्ष थी और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। राज्यपाल और जिलाधिकारी को पूरी जानकारी दे दी गई है और परिवार को हर संभव मदद दिलाई जाएगी। मिंटू के बड़े भाई बाबूराम कश्यप ने बताया कि मिंटू अपने परिवार के साथ यात्रा पर गया था। रास्ते में हादसा हो गया और उसने अस्पताल से फोन कर बताया कि कार्तिक नहीं रहा और बाकी घायल हैं। मन्नू बहुत होनहार था और पूरा घर टूट गया।
