अल्मोड़ा में गहरी खाई में गिरा अनियंत्रित वाहन, 5 लोग गंभीर रूप से घायल

अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर को एक हादसा हो गया। यहां डोटियाल से सराईखेत की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन अचानक…

1200 675 26084305 thumbnail 16x9 pic 97 aspera

अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर को एक हादसा हो गया। यहां डोटियाल से सराईखेत की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस वाहन में कुल सात लोग सफर कर रहे थे। दुर्घटना में दो व्यक्ति झटके से वाहन से बाहर जा गिरे, जिन्हें हल्की चोटें आईं, जबकि बाकी पांच लोग पिकअप के अंदर फंस गए और गंभीर अवस्था में पाए गए।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

घटना डोटियाल से करीब एक किलोमीटर आगे उस स्थान पर हुई, जहां सड़क लंबे समय से बुरी तरह टूटी पड़ी है। बताया गया कि सामने से आ रही एक बस को किनारा देने के दौरान चालक वाहन पर पकड़ खो बैठा और पिकअप लगभग 50 मीटर नीचे जा धंस गई। गिरने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके की ओर दौड़े और बिना देर किए राहत कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने बड़ी मुश्किल से घायलों को खाई से बाहर निकाला और तुरंत देवायल सल्ट में प्राथमिक उपचार के लिए पहुंचाया।

घायल लोगों में चालक साकम सिंह (35 वर्ष) निवासी सराईखेत, राजेंद्र सिंह (36 वर्ष) निवासी केलाखेड़ा उधमसिंहनगर, सुभाष (19 वर्ष) निवासी नेपाल, चंद्रसेन सैनी (41 वर्ष) निवासी जिला बिजनौर और विजेंद्र सिंह (36 वर्ष) निवासी जिला बिजनौर शामिल हैं। पांचों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर करते हुए रामनगर स्थित संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि जहां यह दुर्घटना हुई, वहां की सड़क कई महीनों से जर्जर पड़ी है। संकरी सड़क, तेज मोड़ और गहरी खाई के कारण इस मार्ग पर रोजाना दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इस हादसे ने फिर से सड़कों की खस्ताहाल स्थिति और सुरक्षा इंतज़ामों की कमी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद सड़क मरम्मत को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही, जिससे गुस्सा बढ़ता जा रहा है। घटना के बाद से ही इलाके में नाराजगी देखी जा रही है और लोग जल्द से जल्द सड़क सुधार की मांग कर रहे हैं।

पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी जुटा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना की जांच की जा रही है और घायलों के उपचार में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।