मसूरी देहरादून मार्ग पर आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ,जिसमें पिता की मौके पर मौत हो गई। जबकि चौदह साल का बेटा बुरी तरह जख्मी हो गया। दोनों सुबह पेंट पुताई का काम करने मसूरी जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब तीन सौ मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
जानकारी के अनुसार हादसे की सूचना पुलिस को 112 नंबर पर दी गई थी। सूचना मिलते ही कोल्हू खेत चौकी और राजपुर थाना पुलिस आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। हादसा गलोगी के पास हुआ। जहां हाल ही में सड़क किनारे पुश्ते का काम चल रहा था। पुलिस ने देखा कि बाइक यूके 07 एबी 7926 मसूरी की ओर जाते हुए गहरी खाई में गिरी हुई थी। हादसे में पिता की मौत हो गई। जबकि बेटा बाइक से छिटक कर पहाड़ी पर ही फंस गया था।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बच्चे को खाई से निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। वहीं फायर सर्विस मसूरी और एसडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद नीचे गिरी बाइक तक पहुंच बनाई गई। जहां एक व्यक्ति मृत मिला। मृतक की पहचान अशफाक अहमद उम्र 40 साल निवासी रायपुर अधोवाला जैन प्लॉट देहरादून के रूप में हुई। घायल बेटे का नाम फैजान अहमद उम्र 14 साल है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गलोगी क्षेत्र में सड़क किनारे हो रहे निर्माण के चलते कई जगह सुरक्षा दीवारें अधूरी हैं। जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मसूरी मार्ग पर सुरक्षा बैरियर और चेतावनी बोर्ड तुरंत लगाए जाएं। पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
