गुजरात के सूरत शहर से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक मंदिर के वॉशरूम में दो कॉलेज छात्राओं के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों ने एनेस्थेटिक ड्रग्स का इंजेक्शन लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला सूरत के सानिया गांव में बने आत्मीय स्वामीनारायण मंदिर का बताया जा रहा है। पुलिस को मंदिर के वॉशरूम से दोनों छात्राओं के शव बरामद हुए। घटनास्थल से दवा की शीशियां और सिरिंज भी मिली हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि दोनों ने खुद को एनेस्थेटिक ड्रग्स का इंजेक्शन लगाया। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों छात्राएं बचपन से एक-दूसरे की घनिष्ठ मित्र थीं। मृतकों की पहचान डिंडोली क्षेत्र की रामी पार्क सोसाइटी निवासी रोशनी सिरसाथ और ज्योत्सना चौधरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार एक छात्रा बीकॉम के दूसरे वर्ष में पढ़ाई कर रही थी, जबकि दूसरी पहले वर्ष की छात्रा थी। दोनों शुक्रवार सुबह कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और तलाश शुरू की गई।
पुलिस को मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी मिली है, जिसमें दोनों छात्राएं मंदिर के वॉशरूम की ओर जाती दिखाई दे रही हैं। वहीं मोबाइल फोन की शुरुआती जांच में कुछ तस्वीरें और गूगल सर्च हिस्ट्री भी सामने आई है, जिससे संकेत मिलता है कि उन्होंने जान लेने वाली दवाओं के बारे में इंटरनेट पर जानकारी खोजी थी। एक मोबाइल में ऐसी खबर की तस्वीर भी मिली है जिसमें एक महिला ने एनेस्थेटिक ड्रग का इस्तेमाल कर आत्महत्या की थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर दोनों छात्राओं ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
