आज के दौर में ऑनलाइन ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जहां ठग खास तौर पर घर के बुजुर्गों और बच्चों को निशाना बना रहे हैं। इसी खतरे को देखते हुए ट्रकॉलर ने नया फैमिली प्रोटेक्शन फीचर पेश किया है। इस फीचर की मदद से अब आप अपने परिवार के सदस्यों के फोन पर आने वाली संदिग्ध कॉल्स की जानकारी पा सकते हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत कट भी कर सकते हैं।
अब परिवार को डिजिटल फ्रॉड से बचाना पहले से ज्यादा आसान हो गया है। Truecaller का यह फैमिली प्रोटेक्शन प्लान खास तौर पर डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस कॉल और एआई वॉइस क्लोनिंग जैसे नए तरह के स्कैम से सुरक्षा देने के लिए तैयार किया गया है। अक्सर देखा गया है कि साइबर ठग सीधे उन लोगों को निशाना बनाते हैं जो तकनीक के बारे में कम जानते हैं, ऐसे में यह फीचर काफी मददगार साबित हो सकता है।
इस फीचर में घर का एक सदस्य एडमिन की भूमिका निभाता है, जिसे फैमिली सीटीओ कहा जाता है। यह व्यक्ति पूरे परिवार की डिजिटल सुरक्षा को कंट्रोल कर सकता है और बाकी सदस्यों के फोन पर आने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखता है। इससे अनजान नंबरों से आने वाले लालच या डराने वाले कॉल्स से परिवार को बचाया जा सकता है।
फैमिली प्रोटेक्शन फीचर की एक खास बात यह भी है कि अगर किसी सदस्य के पास कोई स्कैम कॉल आता है, तो एडमिन को तुरंत उसकी जानकारी मिल जाती है। इसके बाद वह अपने फोन से ही उस कॉल को डिस्कनेक्ट कर सकता है। साथ ही एक साझा ब्लॉक लिस्ट भी बनाई जा सकती है, जिससे एक बार ब्लॉक किया गया नंबर पूरे परिवार के सभी फोन में अपने आप ब्लॉक हो जाएगा। इसके लिए एक आसान डैशबोर्ड भी दिया गया है, जहां से पूरे सिस्टम को मैनेज किया जा सकता है।
इस फीचर को चालू करना भी बेहद आसान है। इसके लिए Truecaller ऐप में लॉगिन करने के बाद कॉल लॉग सेक्शन में जाएं, जहां आपको फैमिली प्रोटेक्शन का विकल्प दिखाई देगा। यहां से आप अपने परिवार के सदस्यों को जोड़ सकते हैं और उन्हें इनविटेशन भेज सकते हैं। जैसे ही वे इसे स्वीकार करते हैं, आपको उनके पास आने वाली संदिग्ध कॉल्स की जानकारी मिलनी शुरू हो जाएगी।
ध्यान देने वाली बात यह है कि इस फीचर के जरिए केवल उन्हीं कॉल्स की जानकारी मिलेगी, जिन्हें सिस्टम संदिग्ध मानता है।
