नैनीताल में बरामद हुई हरियाणा की तीन नाबालिग लड़कियां, पुलिस ने सुरक्षित परिजनों को सौंपा

नैनीताल पुलिस ने हरियाणा से घर छोड़कर आई तीन नाबालिग लड़कियों को सकुशल परिजनों के पास सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार बीते 24 अगस्त…

नैनीताल पुलिस ने हरियाणा से घर छोड़कर आई तीन नाबालिग लड़कियों को सकुशल परिजनों के पास सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार बीते 24 अगस्त को मुखानी थाना क्षेत्र में तैनात होमगार्ड ने सूचना दी थी कि कुछ लड़कियां सोने की चेन बेचने की कोशिश कर रही हैं और स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ रखा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों लड़कियों को सुरक्षित थाने ले आई। पूछताछ में पता चला कि ये तीनों लड़कियां गुड़गांव, हरियाणा की निवासी हैं। इनमें दो लड़कियों की उम्र 16 साल और एक की 17 साल है। उन्होंने पुलिस को बताया कि घर में विवाद के कारण वे घूमने के लिए घर छोड़कर आई थीं।

पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया तो यह जानकारी मिली कि इन लड़कियों की हरियाणा पुलिस में गुमशुदगी दर्ज है। मामले की एफआईआर सेक्टर-5, गुरुग्राम में नंबर 273/25 धारा 137(2) बीएनएस के तहत दर्ज थी। इसके बाद मुखानी पुलिस ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर तीनों लड़कियों को उनके परिवार के हवाले कर दिया। बालिकाओं की सुरक्षित बरामदगी पर परिजनों ने पुलिस का धन्यवाद किया।