वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन की घटना में मृतकों की संख्या अब 33 पहुंच गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रभावितों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। यात्रा मार्ग पर बचाव कार्य जारी है।
इसी बीच जम्मू के चनैनी नाला में एक कार गिरने से तीन श्रद्धालु बह गए हैं। इनमें से दो राजस्थान के धौलपुर और एक आगरा का रहने वाला है। लगातार बारिश के कारण जम्मू की सड़कें और पुल संभाल नहीं पाए और शहर में बाढ़ जैसे हालात बन गए।
जम्मू का देश से सड़क और रेल संपर्क पूरी तरह बंद हो गया है। प्रशासन ने मंगलवार रात नौ बजे के बाद घरों से अनावश्यक बाहर निकलने पर रोक लगा दी थी। तवी, चिनाब, उज्ज सहित सभी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
तवी नदी पर बने भगवतीनगर पुल की एक लेन धंस गई है। जबकि अन्य दो पुलों पर एहतियातन आवाजाही रोक दी गई है। कठुआ के पास पुल धंसने से जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहले से ही यातायात प्रभावित था। अब विजयपुर में एम्स के पास देविका पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे सड़क यातायात पूरी तरह बंद हो गया है। सांबा में सेना के जवानों ने खानाबदोश गुज्जर समुदाय के सात लोगों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला है। जम्मू संभाग के सभी स्कूल और कॉलेज 27 अगस्त को बंद रहेंगे।
