उत्तराखंड बॉर्डर तक पहुंची नेपाल Gen Z प्रदर्शन की आग, गृहमंत्री के घर में आगजनी, कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़, कर्फ्यू लगा

नेपाल में हालात तेजी से बिगड़ गए हैं। सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने के सरकारी फैसले के बाद शुरू हुआ विरोध अब हिंसक हो गया…

IMG 20250910 130021

नेपाल में हालात तेजी से बिगड़ गए हैं। सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने के सरकारी फैसले के बाद शुरू हुआ विरोध अब हिंसक हो गया है। कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ गुस्से में उतरे प्रदर्शनकारियों ने राजधानी काठमांडू समेत कई शहरों की तस्वीर बदल दी है। सड़कों पर आगजनी और तोड़फोड़ ने हालात और गंभीर बना दिए हैं। सेना की फायरिंग में कई लोग मारे गए हैं जबकि प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन से लेकर नेताओं के घरों और दफ्तरों तक को नुकसान पहुंचाया है। पूर्व प्रधानमंत्रियों और मंत्रियों के साथ मारपीट की खबरें भी सामने आई हैं।

सड़कों पर फैले बवाल को देखते हुए नेपाल की सेना ने मोर्चा संभाल लिया है और गश्त तेज कर दी गई है। महेंद्रनगर कंचनपुर में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है जो उत्तराखंड के चंपावत जिले के बनबसा से जुड़ा हुआ है। यही रास्ता भारत और नेपाल के बीच सबसे अहम है। सेना ने चेतावनी जारी कर दी है कि कोई भी शख्स बिना वजह घर से बाहर ना निकले।

वरिष्ठ नेपाली पत्रकार लक्ष्मण तिवारी का कहना है कि हालात बेहद खराब हैं। सभी बड़े शहरों में फिलहाल कर्फ्यू लगा है और सेना ने नियंत्रण अपने हाथों में ले लिया है। कंचनपुर में गृह मंत्री रमेश लेखक के घर पर तोड़फोड़ और आगजनी हुई है। हालांकि मंत्री वहां नहीं रहते और मकान किराए पर दिया गया है। नेपाली कांग्रेस और एमाले के दफ्तरों पर भी हमले हुए हैं। उपमेयर नीलम लेखक के घर पर भी तोड़फोड़ की गई है।

बनबसा बॉर्डर से लगे भारतीय इलाके में भी चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने भारतीय नागरिकों को फिलहाल नेपाल की यात्रा न करने की सलाह दी है। बॉर्डर पर सुरक्षा बल अलर्ट पर हैं। हालांकि नेपाली नागरिक अपने देश लौट रहे हैं और बनबसा बॉर्डर से आवाजाही जारी है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीमाई सुरक्षा को लेकर उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की है। चंपावत पिथौरागढ़ और उधमसिंह नगर जिलों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सशस्त्र सीमा बल और पुलिस को पूरी चौकसी के आदेश दिए गए हैं।

भारत के विदेश मंत्रालय ने भी भारतीय नागरिकों के लिए यात्रा परामर्श जारी किया है। मंत्रालय ने कहा है कि जब तक हालात सामान्य नहीं होते तब तक लोग नेपाल की अनावश्यक यात्रा से बचें। जो भारतीय पहले से नेपाल में हैं उन्हें घर के भीतर रहने और स्थानीय प्रशासन तथा भारतीय दूतावास की सलाह का पालन करने को कहा गया है।