परफेक्ट सेल्फी की दीवानगी ने भारत को बनाया सबसे खतरनाक देश, जानलेवा हादसों की लिस्ट पढ़कर आप भी रह जाएंगे हैरान

भारत को लेकर एक नया अध्ययन सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। इस रिसर्च में पाया गया है कि दुनिया…

भारत को लेकर एक नया अध्ययन सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। इस रिसर्च में पाया गया है कि दुनिया में सेल्फी लेने के लिए सबसे खतरनाक जगह भारत है। सोशल मीडिया पर परफेक्ट तस्वीर डालने की होड़ अब लोगों की जान ले रही है। रिपोर्ट बताती है कि सेल्फी से जुड़ी 46 प्रतिशत मौतें ऊंचाई से गिरने की वजह से होती हैं। लोग चट्टानों पर जाकर तस्वीर खींचते हैं या फिर ऊंची इमारतों और पुलों पर खड़े होकर शॉट लेने की कोशिश करते हैं और इस दौरान हादसा हो जाता है।

न्यूयॉर्क पोस्ट में छपी जानकारी के मुताबिक यह अध्ययन द बार्बर लॉ फर्म ने किया है। इसमें साफ कहा गया है कि भारत इस मामले में सबसे ऊपर है। यहां कुल 271 लोग हादसों का शिकार हुए जिनमें 214 की जान गई और 57 घायल हुए। यह आंकड़ा पूरी दुनिया की 42 दशमलव 1 प्रतिशत घटनाओं को दर्शाता है। भारत के पर्यटन स्थल भीड़ भरी जगहें चट्टानें और रेल की पटरियां इस खतरे की बड़ी वजह बन रही हैं।

अमेरिका इस सूची में दूसरे स्थान पर है जहां 45 लोग प्रभावित हुए जिनमें 37 की मौत हुई और आठ घायल हुए। वहां झरनों के पास और हाइवे किनारे ली गई खतरनाक सेल्फियां बड़ी वजह बनीं। तीसरे नंबर पर रूस है जहां 19 लोग हादसे का शिकार हुए जिनमें 18 की जान चली गई। रूस में बर्फीले पुल और ऊंची इमारतें सेल्फी के लिए घातक साबित हो रही हैं।

पड़ोसी देश पाकिस्तान चौथे नंबर पर है। वहां कुल 16 लोगों की जान चली गई। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया है जहां 13 मौतें और दो घायल हुए। इंडोनेशिया छठे पायदान पर है जहां 14 मौतें दर्ज की गईं। इसके अलावा केन्या यूनाइटेड किंगडम स्पेन और ब्राजील जैसे देशों में भी 13-13 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

यह रिपोर्ट बताती है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स की दौड़ अब खतरनाक साबित हो रही है। परफेक्ट सेल्फी की चाहत लोगों को मौत की ओर धकेल रही है।