पढ़ाई की जगह झाड़ू-पोछा? सरकारी स्कूल का वीडियो वायरल, जांच के आदेश

हरिद्वार: हरिद्वार जिले के एक सरकारी स्कूल से सामने आए वीडियो ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो…

studies-replaced-by-cleaning-government-school-video-goes-viral-probe-ordered
21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

हरिद्वार: हरिद्वार जिले के एक सरकारी स्कूल से सामने आए वीडियो ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में छात्राएं स्कूल परिसर और कक्षाओं में झाड़ू लगाती दिखाई दे रही हैं। दावा किया जा रहा है कि कुछ बच्चियों से शौचालय की सफाई भी कराई गई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।


बताया जा रहा है कि यह वीडियो कोतवाली क्षेत्र के पास स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर-34 का है। वीडियो में स्कूल स्टाफ की मौजूदगी भी नजर आ रही है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। वीडियो सामने आते ही लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि जहां बच्चों को पढ़ाई करनी चाहिए, वहां उनसे सफाई क्यों कराई जा रही है।


इंटरनेट मीडिया पर वीडियो तेजी से फैलने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक अमित कुमार ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। विभाग की ओर से संबंधित शिक्षकों से जानकारी जुटाई जा रही है।


सूत्रों के मुताबिक वीडियो छह फरवरी का बताया जा रहा है। उस दिन जिला प्रशासन की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया था, जिसके तहत स्कूल में बच्चों और शिक्षकों ने मिलकर साफ-सफाई की थी। इसी दौरान किसी ने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब वायरल हो गया।


हालांकि, सवाल यह है कि अभियान के नाम पर बच्चों से कितनी और किस तरह की सफाई कराई गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में यह साबित हुआ कि बच्चों से अनुचित तरीके से सफाई कराई गई है तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।वीडियो वायरल होने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों की नजर अब जांच रिपोर्ट पर टिकी है।

Leave a Reply