शादी और मेहंदी समारोह में शराब पर सख्त रोक, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

उत्तरकाशी के गोडर पट्टी में स्थित जांदणु गांव में मेहंदी और शादी समारोह में शराब पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। गांव के…

women agrnst liker

उत्तरकाशी के गोडर पट्टी में स्थित जांदणु गांव में मेहंदी और शादी समारोह में शराब पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। गांव के 42 परिवारों ने ग्राम प्रधान चमन लाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया कि किसी भी समारोह में शराब परोसी नहीं जाएगी। नियम तोड़ने वाले परिवार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उन्हें सामाजिक बहिष्कार का सामना करना पड़ेगा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि शादी समारोह में डीजे रात दो बजे तक ही बजेंगे और उसके बाद कोई ध्वनि नहीं होगी। इसके अलावा, पिठाई की रस्म में दी जाने वाली धनराशि को भी 11 रुपये और 101 रुपये तय किया गया।

ग्राम प्रधान चमन लाल ने बताया कि शराब के कारण शादियों का माहौल बिगड़ रहा है और गरीब परिवारों पर अतिरिक्त खर्च का दबाव पड़ रहा है। युवा पीढ़ी शराब के नशे के कारण अपना भविष्य प्रभावित कर रही है। इन्हीं कारणों से गांव ने यह निर्णय लिया है ताकि शादी समारोह का असली रंग और खुशियों का माहौल बना रहे। बैठक में जगमोहन सिंह, मनमोहन सिंह, जयेंद्र सिंह, लाखी राम, चैन सिंह, अमर सिंह, विनोद हिमानी, खजान लाल, दयाल दास, बचन सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

उत्तराखंड में नशामुक्ति की यह पहल नई नहीं है। इससे पहले देहरादून के गड़ूल गांव में ग्राम पंचायत ने कॉकटेल पार्टी पर रोक लगाई थी और नियम पालन करने वाले परिवारों को आर्थिक सहायता दी गई। इसी तरह, उत्तरकाशी के लोदाड़ा गांव में भी शादी और अन्य कार्यक्रमों में शराब पर प्रतिबंध लगाया गया और नियम तोड़ने वालों पर 51 हजार रुपये का जुर्माना तय किया गया।

Leave a Reply