तमिलनाडु के तिरुपत्तूर जिले में सोशल मीडिया पर शुरू हुए प्रेम संबंधों ने गंभीर समस्याएं पैदा कर दी हैं। अधिकारियों के अनुसार साल 2025 में आम्बूर, वाणियामबाड़ी, नाट्रमपल्ली और तिरुपत्तूर तालुकों में दर्जनों बाल विवाह हुए, जिनके कारण कई नाबालिग लड़कियां गर्भवती हो गईं।
जांच में यह भी सामने आया कि अधिकतर शादी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप पर पनपे प्रेम संबंधों का नतीजा थीं। कुछ मामले ऐसे भी थे, जहां जोड़े राज्य की सीमाओं के बाहर जाकर लव मैरिज कर चुके थे।
जिला प्रशासन ने कई बार बाल विवाह रोकने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद ये मामले लगातार सामने आते रहे। इसका सीधा असर यह हुआ कि जिले के सरकारी अस्पतालों में नाबालिग लड़कियों की गर्भावस्था और प्रसव के मामलों में तेजी आई।
इस गंभीर स्थिति के चलते पुलिस ने 300 युवाओं और उनके माता-पिता के खिलाफ केस दर्ज किया है। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भविष्य में किसी भी बाल विवाह की सूचना मिलने पर तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
यह मामला सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और बच्चों की सुरक्षा में जागरूकता की कमी पर फिर सवाल खड़ा करता है।
