चेहरे पर मुस्कान, आंखों में चमक… 18 दिन बाद अंतरिक्ष से लौटे शुभांशु शुक्ला, दिखा गर्व का उजाला

भारत के युवा अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष में 18 दिन बिताने के बाद आज सफलता पूर्वक धरती पर वापसी कर ली है। उन्होंने…

IMG 20250715 163243

भारत के युवा अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष में 18 दिन बिताने के बाद आज सफलता पूर्वक धरती पर वापसी कर ली है। उन्होंने अमेरिका के एक्सिओम स्पेस द्वारा संचालित एतिहासिक ‘एक्सिओम-4 मिशन’ में हिस्सा लिया था। शुभांशु के साथ इस मिशन में तीन अन्य अंतरिक्षयात्रियों—अमेरिका की अनुभवी एस्ट्रोनॉट पैगी व्हिटसन, पोलैंड के स्लावोस्ज उजनांस्की-विस्नीवस्की और हंगरी के टिबोर कापू—ने भाग लिया।

शुभांशु और उनकी टीम भारतीय समयानुसार आज दोपहर 3:01 बजे प्रशांत महासागर में कैलिफोर्निया के तट के पास सफल लैंडिंग के साथ लौटे। इस मिशन के दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर कुल 18 दिन बिताए। आईएसएस से वापसी की प्रक्रिया सोमवार शाम लगभग 4:45 बजे शुरू हुई, जब स्पेसएक्स का क्रू ड्रैगन अंतरिक्षयान स्टेशन से अलग हुआ। वहां से धरती तक पहुंचने में उन्हें करीब साढ़े 22 घंटे का समय लगा।

26 जून को जब ये चारों अंतरिक्षयात्री आईएसएस पहुंचे थे, तब से उन्होंने पृथ्वी की लगभग 288 बार परिक्रमाएं करते हुए करीब 76 लाख मील की दूरी तय की। इस दौरान वे कुल 433 घंटे अंतरिक्ष में रहे। इस मिशन के दौरान शुभांशु शुक्ला ने भारत के सूक्ष्मगुरुत्व परीक्षणों और जैव वैज्ञानिक प्रयोगों में भी अहम भूमिका निभाई।

शुभांशु की यह उपलब्धि भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए एक नया मील का पत्थर साबित हुई है। उनकी इस वापसी के साथ ही न केवल अंतरिक्ष विज्ञान में भारत की भागीदारी और मजबूत हुई है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की वैज्ञानिक क्षमताओं की एक और मिसाल कायम हो गई है।