बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती असर मौसम का मिजाज़ बिगाड़ रहा है। इस सिस्टम के चलते दक्षिण भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर बनता दिख रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि केरल, तामिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना के कुछ जिलों के साथ ही आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा में अगले कुछ घंटों में भारी बारिश की स्थिति बन सकती है। इस बीच दिल्ली से लेकर पूरे उत्तर भारत में तापमान गिरने की संभावना बढ़ गई है। विभाग ने साफ कहा है कि ठंडी हवाओं का असर अब लगातार तेज होता जाएगा।
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से तापमान सामान्य बना हुआ था लेकिन अब यहां पारा दो से तीन डिग्री तक फिसलने का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी यूपी में भी इसी तरह का माहौल देखने को मिल सकता है। धुंध से भरी सुबहें अभी खत्म होने वाली नहीं हैं क्योंकि ठंडी हवाएं फिर जोर पकड़ रही हैं। पूर्वी राज्यों में कोहरा पहले ही घना हो चुका है और आने वाले दिनों में इसका असर और बढ़ने वाला है।
बिहार में हालात ज्यादा बदले हुए हैं। मौसम विभाग ने चेताया है कि 24 नवंबर से वहां गलन वाली सर्दी शुरू हो सकती है। न्यूनतम तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट का असर सीधे जनजीवन पर पड़ेगा। पश्चिमी हवाएं फिलहाल नरम हैं लेकिन जैसे ही उनकी रफ्तार बढ़ेगी, ठंड एकदम से चुभने लगेगी। सुबह की धुंध अभी भी पूरे राज्य को ढके हुए है और अगले तीन से चार दिन यही स्थिति बनी रह सकती है।
उधर, आंध्र प्रदेश डिजास्टर मैनेजमेंट ने बताया कि मलक्का स्ट्रेट और दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर बना लो प्रेशर अब मजबूत होता जा रहा है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर की ओर बढ़ रहा है और उम्मीद है कि अगले चौबीस घंटों में यह दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर डिप्रेशन का रूप ले लेगा। विभाग इस पूरे सिस्टम पर लगातार नजर बनाए हुए है। विशेषज्ञों का कहना है कि अभी इसे चक्रवात में बदलना मान लेना जल्दबाजी होगी, हालांकि समुद्री गतिविधियों में तेजी साफ दिख रही है।
चक्रवात ‘सेन्यार’ को लेकर भी नज़रें टिकी हुई हैं। इसकी वजह से बंगाल की खाड़ी में हवा का दबाव बदल रहा है। इस असर का हल्का प्रभाव उत्तर भारत के मौसम तक पहुंच सकता है। दिल्ली-एनसीआर में अगले दिनों में ठंड और गहरी महसूस होगी। इधर बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 23 और 24 नवंबर के आसपास हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश के बाद इन राज्यों में सर्दी और बढ़ जाएगी और हवाएं ज्यादा ठंडी चलने लगेंगी।
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले हफ्ते तक मौसम सूखा रहेगा लेकिन ठंड का असर हर दिन गहरा होता जाएगा। पछुआ हवाओं की स्पीड करीब पच्चीस किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे तापमान अचानक नीचे जाएगा और गलन बढ़ेगी।
