तिब्बती मार्केट में युवक की हत्या: संपत्ति विवाद में दो शूटर मुठभेड़ में घायल, 5 आरोपी गिरफ्तार
देहरादून: परेड ग्राउंड स्थित तिब्बती मार्केट के पास हुई कारोबारी अर्जुन शर्मा की हत्या का दून पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि यह हत्याकांड पारिवारिक संपत्ति विवाद का नतीजा था और मृतक की मां समेत उसके करीबी लोगों ने मिलकर 12 लाख रुपये में सुपारी देकर हत्या कराई थी।
घटना 11 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे सामने आई थी, जब कोतवाली डालनवाला पुलिस को सूचना मिली कि तिब्बती मार्केट के पास एक व्यक्ति को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को दून अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान इंदिरा नगर निवासी अर्जुन शर्मा के रूप में हुई, जो जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।
पत्नी की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के बाद मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी सास बीना शर्मा, विनोद उनियाल, संगीता उनियाल और डॉ. अजय खन्ना पर पैसों के लेन-देन और संपत्ति विवाद को लेकर हत्या कराए जाने का शक जताया था। इस आधार पर कोतवाली डालनवाला में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी।
मुठभेड़ में घायल हुए दोनों शूटर
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में स्कूटी सवार दो संदिग्धों की पहचान हुई। पुलिस ने पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान रायपुर क्षेत्र में पुलिस द्वारा रोके जाने पर एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।
दूसरी ओर डोईवाला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक अन्य संदिग्ध स्कूटी सवार पुलिस को देखकर भागने लगा और बंद पड़ी फैक्ट्री में छिपकर पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह भी घायल हो गया।
घायल बदमाशों की पहचान सगे भाई पंकज राणा और राजीव उर्फ राजू के रूप में हुई। दोनों ने पूछताछ में तिब्बती मार्केट के पास अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या करने की बात कबूल कर ली। दोनों को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
12 लाख में तय हुई थी हत्या की सुपारी
पूछताछ में खुलासा हुआ कि पंकज और राजीव मूल रूप से पौड़ी जिले के देविखाल के रहने वाले हैं और वर्तमान में चक्खुवाला क्षेत्र में रह रहे थे। पंकज ड्राइवर का काम करता था और राजीव ऑटो चलाता था।
जांच में सामने आया कि मृतक का अपनी मां बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना के साथ संपत्ति और पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया गया कि जीएमएस रोड स्थित एक संपत्ति को लेकर करीब 14 करोड़ रुपये की डील हुई थी, जिसमें से 8 करोड़ रुपये दिए जा चुके थे, लेकिन अर्जुन शर्मा ने उस पर कोर्ट से स्टे ले लिया था।
इसी विवाद के चलते मां बीना शर्मा, अजय खन्ना और विनोद उनियाल ने अर्जुन शर्मा को रास्ते से हटाने की साजिश रची और दोनों शूटरों से 12 लाख रुपये में हत्या का सौदा तय किया। इसमें से 3 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे और बाकी रकम काम पूरा होने के बाद देनी थी।
रेकी कर की गई हत्या
पैसों के लालच में दोनों आरोपियों ने पहले अर्जुन शर्मा की दिनचर्या की जानकारी जुटाई। बताया गया कि घटना से पहले और बाद में आरोपी पंकज राणा का विनोद उनियाल से व्हाट्सएप के जरिए लगातार संपर्क था। जांच में यह भी सामने आया कि मृतक की मां ने कुछ दिन पहले उसके मैनेजर विजय चौहान से उसकी दिनचर्या के बारे में जानकारी ली थी। घटना के समय अर्जुन शर्मा अपने परिवार के साथ इंदिरा नगर क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था।
मां समेत तीन और आरोपी गिरफ्तार
जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने साजिश में शामिल मृतक की मां बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना को भी गिरफ्तार कर लिया है। सभी से लगातार पूछताछ की जा रही है। मुठभेड़ में पकड़े गए मुख्य आरोपी पंकज राणा और राजीव को पुलिस ने न्यायालय से रिमांड पर लिया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो तमंचे (.315 बोर), जिंदा और खोखा कारतूस तथा वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि यह पूरा मामला पारिवारिक विवाद, करोड़ों की संपत्ति और आपसी तनाव का नतीजा है। मामले की गहनता से जांच जारी है और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
