हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर महदूद में बोर्ड परीक्षा के फर्जीवाड़ा में देर रात पुलिस ने केंद्र व्यवस्थापक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
केंद्र व्यवस्थापक सुरेश चंद्र द्विवेदी ने रानीपुर कोतवाली में यह शिकायत की की करीब 10:00 बजे कक्ष निरीक्षकों ने प्रवेश पत्र और उपस्थिति पत्रक पर लगी फोटो में अंतर देखा जब उन्हें संदेह हुआ तो इससे संबंधित परीक्षार्थी को केंद्र व्यवस्थापक कक्षा में बुलाया गया।
जांच में कुल आठ मामलों में प्रतिरूपण सामने आया कक्ष संख्या दो में अंकित कुमार की जगह प्रवेश पत्र पर फोटो चस्पा युवक परीक्षा दे रहा था, जो केंद्र से फरार हो गया।
कक्ष संख्या 5 में इसाक नाम के युवक के स्थान पर गुलफाम निवासी चमरिया लालढांग मिला। कक्ष संख्या छह में रवि कुमार की जगह कृष्ण पाल निवासी रावली महदूद बैठा मिला।
कक्ष संख्या 8 में विशाल की जगह कैफ निवासी सुल्तानपुर परीक्षा दे रहा था कक्ष संख्या 11 में साहिब की जगह सलमा निवासी नसीरपुर कलां बैठी मिली। इसी कक्ष में प्रियंका की जगह सुहानी निवासी रावली महदूद मिली।
प्रीति के स्थान पर प्राची सरकारिया निवासी ज्वालापुर परीक्षा देती पाई गई। रविता की जगह भावना पुत्री मामचंद निवासी रावली महदूद बैठी मिली।
केंद्र व्यवस्थापक सुरेश चंद्र द्विवेदी ने कहा कि पकड़े गए सभी लोगों से लिखित बयान ले लिया गया है। प्रवेश पत्र पुलिस को दे दिए गए हैं। परीक्षा समाप्त होने के बाद कोतवाली रानीपुर में शिकायत की गई।
रानीपुर कोतवाली प्रभारी आशुतोष राणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
