बर्फबारी से पिथौरागढ़ में जनजीवन ठहरा, कई मार्ग अवरूद्ध

सोरघाटी में दो साल बाद गिरी बर्फ, ऊंचाई वाले इलाके हुए सफेदपिथौरागढ़। बीते बृहस्पतिवार से जनपद में हो रही बारिश और बर्फबारी के बीच आम…


सोरघाटी में दो साल बाद गिरी बर्फ, ऊंचाई वाले इलाके हुए सफेद
पिथौरागढ़। बीते बृहस्पतिवार से जनपद में हो रही बारिश और बर्फबारी के बीच आम जनजीवन ठहर गया है। तमाम मोटर मार्ग बर्फबारी के कारण शुक्रवार दोपहर तक पूरी तरह बंद रहे।


बृहस्पतिवार देर शाम जिला मुख्यालय सहित जनपद भर में बर्फबारी हुई। हालांकि यह इस मौसम की दूसरी बर्फबारी थी, लेकिन सोरघाटी में करीब 2 साल बाद यह पहला हिमपात हुआ, जबकि सोरघाटी के आसपास की चोटियों सहित जिले के तमाम ऊंचाई वाले इलाके बर्फ से लकदक हो गए हैं।

बर्फबारी का आनंद लेने बृहस्पतिवार देर शाम जिला मुख्यालय से बड़ी संख्या में लोग चंडाक क्षेत्र की तरफ गए। बर्फ से ढके इसके चलते बर्फबारी के बाद फिर से बारिश होने से घाटी वाले इलाकों में बर्फ ज्यादा देर थम नहीं पाई और पिघल गई। वहीं उच्च हिमालयी इलाके कई फुट बर्फ से ढक गए हैं। इसके चलते जिले में शीतलहर चल रही है और कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त है।


भारी बर्फबारी के कारण थल-मुनस्यारी रोड दोपहर बाद तक बंद रही। जिला मुख्यालय को हल्द्वानी से जोड़ने वाले मार्ग वाया धानाचूली-पहाड़पानी और अल्मोड़ा तथा वाया थल-सेराघाट मार्ग भी अवरूद्ध हैं। वहीं टनकपुर-चंपावत मार्ग भी बर्फबारी से बाधित बताया जा रहा है। हालांकि संबंधित विभाग जेसीबी व अन्य उपकरणों से मार्ग दुरुस्त करने में जुटे हैं।

इधर बृहस्पतिवार दिनभर और रात में भी काफी समय तक बारिश जारी रहने के बाद शुक्रवार सुबह से ही मौसम के तेवर बिगड़े रहे। अपरान्ह 2 बजे तक रूक रूक कर बारिश होती रही। इस दौरान पर्यटन नगरी मुनस्यारी सहित आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में फिर से बर्फबारी हुई। बृहस्पतिवार को भी लगभग दिनभर मुनस्यारी और धारचूला के उच्च हिमालयी इलाकों में बर्फबारी होती रही। तापमान अत्यधिक नीचे आने के चलते वर्षों बाद इस बार मुनस्यारी क्षेत्र के गिनी बैंड से निचले इलाकों तक भी हिमपात हुआ है।

मुनस्यारी बाजार में लगभग एक फिट बर्फ गिरी है। वहीं खलिया टॉप, कालामुनि छिपलाकेदार आदि इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है। दूसरी ओर बर्फबारी से अल्मोड़ा और चंपावत की तरफ के बंद रास्ते दोपहर तक आवागमन लायक होने जाने से अपरान्ह करीब ढाई बजे जिला मुख्यालय में अखबार पहंुच पाए। अपरान्ह चार बजे के आसपास मुख्यालय सहित जिले के विभिन्न स्थानों में हल्की बारिश फिर से शुरू हो गई। मौसम का मिजाज और खराब होने पर फिर से बर्फबारी के आसार बने हुए थे।