मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आज धराली गांव के आपदा प्रभावित परिवारों को पांच लाख रुपए की सहायता राशि दी गई और इसका वितरण अब शुरू हो गया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और क्षेत्रीय विधायक सुरेश चौहान ने सोमवार को धराली गांव में जाकर आपदा प्रभावित लोगों को सहायता राशि दी और चेक वितरित किए।
धराली में आपदा प्रभावित 98 प्रभावितों के लिए सहायता राशि चेक मौके पर वितरण के लिए भेजे गए। प्रशासन द्वारा बनाए गए राहत शिविरों में आज प्रभावित लोगों के साथ जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट ने भोजन किया।
उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन दुख की इस घड़ी में पीड़ितों के साथ है।
उत्तरकाशी आपदा पीड़ितों के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। प्रभावित क्षेत्र में आम जीवन को पटरी पर लाने के लिए भी अथक प्रयास किया जा रहे हैं। राहत शिविरों में प्रभावितों के रहने तथा चिकित्सा सहायता की भी समुचित व्यवस्था की जा रही है।
